छोटे जीवों के लिए जीत: PETA इंडिया की सिफारिश के बाद ‘गुरु अंगद देव वेटेरिनरी और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय’ ने नन्हें जीवों पर क्रूर प्रयोग समाप्त किए

Posted on by Surjeet Singh

नैतिक विज्ञान के लिए एक बड़ी जीत में, लुधियाना के गुरु अंगद देव वेटेरिनरी और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (गडवासु) ने आधिकारिक रूप से विवादास्पद Forced Swim Test (एफएसटी) को बंद कर दिया है, जिसमें चूहों, हैम्स्टरों और अन्य छोटे जीवों को परीक्षण पदार्थ दिए जाते हैं, उन्हें पानी से भरे ऐसे बर्तनों में रखा जाता है जिनसे बाहर निकलना संभव नहीं होता, और उन्हें डूबने से बचने के लिए तैरने पर मजबूर किया जाता है, यह सब मानव अवसाद को समझने के लिए होता है। यह निर्णय PETA इंडिया के एक सशक्त अभियान के बाद लिया गया, जिसमें इस परीक्षण की क्रूरता और वैज्ञानिक रूप से असफल होने को उजागर किया गया।

यह महत्वपूर्ण कदम PETA इंडिया की पहले की जीतों के बाद आया है, जहाँ हिमाचल प्रदेश के हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, चंडीगढ़ की चिटकारा यूनिवर्सिटी और पंजाब के लुधियाना स्थित सीटी यूनिवर्सिटी ने भी PETA इंडिया की अपील के बाद पुष्टि की थी कि वे अब फोर्स्ड स्विम टेस्ट नहीं करेंगे।

वैज्ञानिकों ने इस प्रयोग की कड़ी आलोचना की है। उनका कहना है कि जब जीव तैरना छोड़कर पानी पर तैरते हुए स्थिर हो जाते हैं, तो यह अवसाद या निराशा का संकेत नहीं होता, बल्कि यह दर्शाता है कि पशु ऊर्जा बचाने और नए वातावरण के अनुसार खुद को ढालने की कोशिश कर रहे हैं। शोध यह भी बताते हैं कि अवसादरोधी दवाओं की प्रभावशीलता तय करने में यह परीक्षण सिक्का उछाल कर निर्णय करने जितना भी विश्वसनीय नहीं हो सकता।

“हम फोर्स्ड स्विम टेस्ट (FST) का न तो समर्थन करते हैं और न ही उसे मंजूरी देते हैं।”
– डॉ. स्वरण सिंह रंधावा
डीन, वेटरनरी साइंस, गुरु अंगद देव वेटरनरी और एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी

PETA इंडिया के प्रोत्साहन के बाद, अप्रैल 2025 में, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया ने अपने अधीन आने वाली सभी संस्थाओं को इस व्यापक रूप से खारिज किए जा चुके प्रयोग के निरंतर उपयोग की समीक्षा करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। 100 से अधिक वैज्ञानिक और वैज्ञानिक विशेषज्ञ भी PETA इंडिया की इस अपील में शामिल हो चुके हैं, जिसमें नियामकों और संस्थानों से Forced Swim Test के उपयोग को समाप्त करने का आग्रह किया गया है।

दुनिया भर की अन्य सरकारी एजेंसियों, विश्वविद्यालयों और दवा कंपनियों ने भी PETA संस्थाओं से संवाद के बाद FST की अनुमति न देने, इसे न करने या इसके लिए वित्तीय सहायता न देने का संकल्प लिया है। PETA इंडिया अब कमेटी फॉर कंट्रोल एंड सुपरविजन ऑफ एक्सपेरिमेंट्स ऑन एनिमल्स (CCSEA) से इस क्रूर प्रयोग पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंध लगाने की अपील को और तेज कर रहा है।

पशुओं पर ऐसे क्रूर परिक्षणों को समाप्त करवाने में मदद करें