दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को गायों और धरती को बचाने के लिए केले के छिलकों से चमड़ा बनाने पर PETA इंडिया पुरस्कार

Posted on by Surjeet Singh

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस (12 अगस्त) से पहले, पीपुल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया (PETA इंडिया ) की ओर से दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज के छात्रों के एक समूह को यूथ चेंजमेकर्स फॉर एनिमल्स अवॉर्ड दिया जा रहा है। यह सम्मान फेंके गए केले के छिलकों से पर्यावरण-अनुकूल वीगन लेदर विकसित करने के लिए दिया जा रहा है—एक ऐसा नवाचार जो गायों और अन्य पशुओं को उनकी खाल के लिए वध किए जाने से बचाने में मदद करता है और धरती की भी रक्षा करता है।

Enactus Ramjas समर्पित और उत्साही छात्रों का एक समूह, जिसका साझा उद्देश्य एक बेहतर और अधिक टिकाऊ दुनिया का निर्माण करना है और जो उद्यमशीलता के माध्यम से समुदायों के उत्थान के लिए काम करता है, इस समूह के छात्र सदस्यों को केले के छिलकों से वीगन लेदर विकसित करने में लगभग एक वर्ष का समय लगा। यह टिकाऊ और लचीली सामग्री खाद्य अपशिष्ट को नया जीवन देती है।

“हमारे काम को मान्यता देने के लिए हम PETA इंडिया के आभारी हैं। परिवहन के दौरान और बूचड़खानों में गायों और भैंसों को जिन दयनीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, उससे हम बहुत आहत हुए और हमें पशु-चमड़े का एक करुणामय विकल्प तलाशने की प्रेरणा मिली। साथ ही, अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में अपने काम के दौरान हमने फेंके गए फलों के छिलकों से पैदा होने वाली पर्यावरणीय चुनौतियों को देखा। इन दोनों चिंताओं से निपटने के लिए हमें Sehar बनाने की प्रेरणा मिली यह एक टिकाऊ वीगन लेदर, जो अपशिष्ट को उपयोगी वस्तु में बदलता है और साथ ही पशुओं को पीड़ा से बचाने में मदद करता है।”  – Enactus Ramjas की अध्यक्ष कनिष्का यादव

भारत में चमड़े के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पशुओं को अक्सर वाहनों में इतनी बड़ी संख्या में ठूंसकर ले जाया जाता है कि रास्ते में कई पशु गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं या मर जाते हैं। इसके बाद उन्हें बूचड़खानों में घसीटकर ले जाया जाता है, जहाँ मल, खून, अंतड़ियों और मूत्र से सने फर्श पर एक-दूसरे की आँखों के सामने ही उनका शरीर काटा जाता है।

चमड़ा उत्पादन पर्यावरण पर भी भारी कहर बरपाता है। पशुओं की खाल को चमड़े में बदलने के लिए भारी मात्रा में विषैले रसायनों की आवश्यकता होती है और चमड़ा शोधन कारखानों से निकलने वाला अपशिष्ट स्थानीय जलस्रोतों को विषैला बना देता है। चमड़े का उत्पादन उन लोगों के लिए भी हानिकारक है जो चमड़ा शोधन कारखानों के आसपास रहते हैं और उनमें काम करते हैं। बांग्लादेश के चमड़ा शोधन क्षेत्र में चमड़ा शोधन कारखानों के 90% कर्मचारी 50 वर्ष की आयु से पहले मर जाते हैं।

शानदार सिंथेटिक वीगन लेदर व्यापक रूप से उपलब्ध हैं और आजकल चमड़ा तेजी से अनानास के पत्तों, कॉर्क, विभिन्न फलों के अपशिष्ट, रिसाइकल किए गए प्लास्टिक, मशरूम, शहतूत के पत्तों, सागौन के पत्तों, नारियल के अपशिष्ट, टमाटर के मिश्रित पदार्थ और अन्य चीज़ों से भी बनाया जा रहा है। पशु-मुक्त चमड़े भारतीय किसानों के लिए भी लाभकारी हैं, जैसा कि मेघालय राज्य ने अनानास से चमड़ा उत्पादन पर विचार करके दिखाया है।

हमेशा पशु क्रूरता मुक्त वीगन उत्पाद ही खरीदें