‘विश्व पर्यावरण दिवस’ हेतु PETA इंडिया के नए अभियान में नन्हें चूजों के साथ दिखाई दिए अदिवी शेष
G2 और Dacoit: A Love Story के अभिनेता अदिवी शेष भले ही फिल्मों में रोमांच से भरपूर किरदार निभाते हों, लेकिन PETA इंडिया के नए अभियान में उनका संवेदनशील और दयालु पक्ष सामने आया है। विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के मौके पर जारी इस अभियान में अदिवी दो नन्हे चूजों के साथ दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर पर लिखा है: “चूजे शाकाहारी से प्रेम करते हैं” (Chicks Love a Vegetarian.)

अभियान की तस्वीरें शिवा एसएस ने खींची हैं। मेकअप तुलसी कृष्णा चिंथा ने किया है, स्टाइलिंग रेखा बोग्गारापु ने संभाली है और हेयर स्टाइलिंग संदीप कुमार चेन्ना ने की है।
“जब आप किसी मुर्गे की आंखों में देखते हैं, तो साफ महसूस होता है कि वे भी हमारी तरह भावनाएं रखने वाले जीव हैं। उन्हें भी डर लगता है, वे भी अपनापन महसूस करते हैं और वे भी जीना चाहते हैं। मैं इस दुनिया में उनकी पीड़ा को और नहीं बड़ाना चाहता। इसलिए मैं हर बार खाना चुनते समय करुणा को प्राथमिकता देता हूं और कभी मांस नहीं खाता” – अदिवी शेष
मुर्गियां आपस में गहरे सामाजिक संबंध बनाती हैं, सोते समय सपने देखती हैं और इंसानों की तरह भविष्य को लेकर चिंता भी महसूस करती हैं। लेकिन मांस उद्योग में उन्हें बेहद तंग और गंदी जगहों में रखा जाता है। बहुत छोटी उम्र में ही, पूरी तरह बड़े होने से पहले, होश में रहते हुए उनका गला काटकर मार दिया जाता है।
हर वह व्यक्ति जो मांस खाना छोड़ता है, वह पशुओं को रोजाना होने वाली पीड़ा और दर्दनाक मौत से बचाने में योगदान देता है। इतना ही नहीं, इससे भोजन से जुड़ा कार्बन फुटप्रिंट भी काफी कम होता है और हृदय रोग समेत खानपान से जुड़ी कई बीमारियों का खतरा घटता है।
अदिवी शेष अब उन कई चर्चित हस्तियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने PETA इंडिया के साथ मिलकर स्वस्थ, दयालु और मांस-मुक्त भोजन को बढ़ावा दिया है। इस सूची में कार्तिक आर्यन, अनुष्का शर्मा, शाहिद कपूर, हेमा मालिनी, आर. माधवन और कई अन्य नाम शामिल हैं।
क्या आप प्रेरित महसूस कर रहे हैं ?