जूते एवं बैगों के लिए गाय और भैंसों की खाल उतारने के विरोध में अमेरिकी इन्फ्लुएंसर का पुणे में “जिंदा खाल उतरवाने” वाला प्रदर्शन
मंगलवार को पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज रोड पर खरीदारों और राहगीरों को एक चौंकाने वाला दृश्य दिखा जब पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया (PETA इंडिया) के समर्थक और अमेरिकी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जेमी लोगन एक प्रदर्शन के माध्यम से एक कसाई से “जीवित अवस्था में खाल उतरवाते” नजर आई। यह विरोध उनके संदेश “हम सभी जीवित प्राणी हैं, कोई वस्तु नहीं हैं”। यह शक्तिशाली प्रदर्शनएक विशाल बैनर के सामने हुआ जिसमें बूचड़खाने का चित्र था और उस प लिखा था “उनके भाग्य के बारे में सोचें” इसने यह संदेश दिया कि चमड़े के लिए शोषित गायें, भैंसें एवं अन्य पशु, हमारी ही तरह डर और दर्द महसूस करते हैं तथा जिंदा रहना चाहते हैं और मनुष्यों को उन्हें अपनी जरूरत का सामान बनाने की बजाय उनका सम्मान करना चाहिए।
“हर चमड़े का बैग और जूता किसी ऐसे जीव की खाल से बना है, जो अपने परिवार से प्यार करता था, अपने जीवन को महत्व देता था और मरना नहीं चाहता था।PETA इंडिया सभी को प्रोत्साहित करता है कि वे केवल सुंदर वीगन सामग्रियों से बने उत्पादों का चयन करें।”
– जेमी लोगन
गाय और भैंसें बेहद सुरक्षात्मक माताएँ होती हैं, जो अपने झुंड के अन्य सदस्यों के साथ गहरे सामाजिक बंधनों का प्रदर्शन करती हैं और अपनी झुंड की अन्य सदस्यों के प्रति सहानुभूति अनुभव रखती हैं। गायों की यादाश्त बहुत अच्छी होती है और वे भूलभुलैया (मेज़) में आसानी से अपने मार्ग को खोजने (नेविगेट) और उसे अच्छी तरह याद रखने में सक्षम होती हैं। किन्तु चमड़े के लिए इस्तेमाल करने हेतु, इन पशुओं को इतनी अधिक संख्या में वाहनों में ठूंस दिया जाता है कि परिवहन के दौरान ही उनकी हड्डियाँ टूट जाती हैं। जो इस क्रूर यात्रा से किसी तरह बच निकलते हैं, उन्हें बूचड़खाने के कर्मचारी सचेत अवस्था में होने के दौरान ही अन्य साथी पशुओं के सामने चाकू से उनके गले काट देते हैं, फिर उनके शरीर केटुकड़े-टुकड़े कर उनकी खाल उतार ली जाती हैं। चमड़े के कारखानों से निकलने वाला जहरीला रसायन नदियों और झीलों को प्रदूषित करता है, जिससे वहाँ का पूरा जीवन प्रभावित होता है। वहीं, इन कारखानों में काम करने वाले कर्मचारियों में कैंसर, श्वसन संक्रमण और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
देश भर के लगभग सभी प्रमुख जूते और कपड़ों की दुकानों में वीगन लेदर और अन्य पशु-अनुकूल विकल्प उपलब्ध हैं। वैश्विक “PETA‑Approved Vegan” प्रमाणीकरण (सर्टिफ़िकेशन) उन हैंडबैग, जूतों, कपड़ों, एक्सेसरीज़, फर्नीचर और होम डेकोर उत्पादों को मान्यता देता है जो चमड़ा, रेशम, ऊन, फर और पंख जैसे पशु के शरीर के अंगों से बने होने की बजाय वीगन सामग्रियों से बने होते हैं। दुनिया भर की 1,000 से अधिक कंपनियाँ “PETA‑Approved Vegan” लोगो का उपयोग करती हैं ताकि भारत और अन्य देशों में सामाजिक रूप से जागरूक उपभोक्ता, खरीदारी करते समय तुरंत वीगन उत्पादों की पहचान कर सकें।
जेमी न्यूयॉर्क की रहने वाली हैं और अपनी साहसिक व अलग सोच के लिए प्रख्यात हैं। वह अपनी तीखी हास्य शैली तथा पशु अधिकार वीडियो और यूट्यूब शो “Jamie’s Corner” के लिए जानी जाती हैं। जेमी लोगन का साहसी एक्टिविज़्म तब सुर्खियों में आया जब उन्होंने 2023 कोच फैशन शो को बाधित किया और रनवे पर चढ़कर चमड़ा कैसे जान लेता है का संदेश दिया।
वह साथी होस्ट, जस्टिना के साथ PETA यूएस द्वारा निर्मित पॉडकास्ट, “Just So You Know” शो का संचालन भी करती हैं।

