निर्मल में वन्यजीवों के शिकार और हत्या के वीडियो सामने आने पर PETA इंडिया की शिकायत के बाद मामला दर्ज
इंस्टाग्राम अकाउंट “shikarii_boys_” और “shikari.4466” पर पोस्ट किए गए कुछ परेशान करने वाले वीडियो PETA इंडिया के संज्ञान में आए। इन वीडियो में वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (WPA) की अनुसूची II के तहत संरक्षित जंगली पक्षियों को पकड़ते, फंदे में फंसाते और कथित तौर पर मारते हुए दिखाया गया था। इस पर PETA इंडिया ने तेलंगाना वन विभाग के निर्मल वन प्रभाग को इसकी सूचना दी। PETA इंडिया की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए और निर्मल के जिला वन अधिकारी श्री सुशांत बोबाडे, IFS के निर्देशों के बाद, वन विभाग के अधिकारियों की एक टीम ने 10 नवंबर को न्यू बोप्पारम गांव में कथित आरोपी शेख अफरोज के घर पर छापा मारा। इस दौरान एक गुलेल, एक फंदा, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। बताया गया है कि इनका इस्तेमाल वन्यजीवों के खिलाफ अपराध करने में किया गया था। इस मामले में तेलंगाना वन अधिनियम, 1967 की धारा 44 तथा वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9 के साथ धाराओं 57, 39, 44 और 51 के तहत प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज की गई।
इन सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में संरक्षित जंगली पक्षियों के शिकार और उन्हें पकड़ने के कई तरीके दिखाई देते हैं। इनमें ग्रे-हेडेड स्वैम्पहेन, व्हाइट-ब्रेस्टेड वॉटरहेन, ब्राउन क्रेक और ग्रे फ्रैंकोलिन जैसे पक्षी शामिल हैं। वीडियो में जलाशयों और उन अन्य स्थानों के पास फंदे लगाते हुए दिखाया गया है, जहां जंगली पक्षी अक्सर आते हैं। कुछ वीडियो में पक्षियों पर गुलेल से निशाना साधते और शिकार किए गए पक्षियों को कैमरे के सामने प्रदर्शित करते हुए भी देखा जा सकता है। आरोप है कि इन सोशल मीडिया अकाउंट्स का इस्तेमाल शिकार किए गए पक्षियों और शिकार में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को बेचने के लिए विज्ञापन देने में भी किया जा रहा था।
वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची II के तहत संरक्षित प्रजातियों से जुड़े अपराधों के लिए तीन साल तक की जेल या एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।
जेल सहित अन्य कानूनी दंड के अलावा, PETA इंडिया की सिफारिश है कि पशुओं के साथ क्रूरता करने वाले लोगों की मनोचिकित्सकीय जांच कराई जाए और उन्हें काउंसलिंग दी जाए, क्योंकि पशुओं के साथ दुर्व्यवहार करना गंभीर मनोवैज्ञानिक समस्या का संकेत हो सकता है। शोध से पता चलता है कि पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले लोग अक्सर बार-बार ऐसे अपराध करते हैं और बाद में अन्य पशुओं तथा इंसानों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। Forensic Research & Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, “पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले लोगों में हत्या, बलात्कार, लूटपाट, मारपीट, उत्पीड़न, धमकी देने और नशीले पदार्थों के सेवन या दुरुपयोग सहित अन्य अपराध करने की आशंका तीन गुना अधिक होती है।”
पशुओं पर क्रूरता की शिकायत करें
