बेलगावी जिला पुलिस के लिए PETA इंडिया ने आयोजित की पशु क्रूरता रोकने पर कार्यशाला
बेलगावी जिला पुलिस के लगभग 100 पुलिसकर्मियों ने पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने और पशु संरक्षण कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से PETA इंडिया द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यशाला में भाग लिया। इसमें पुलिस निरीक्षक (PI), पुलिस उपनिरीक्षक (PSI), सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI), हेड कॉन्स्टेबल (HC) और पुलिस कॉन्स्टेबल (PC) शामिल थे। यह कार्यशाला 12 नवंबर को बेलगावी जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई।
इस कार्यशाला का आयोजन बेलगावी के उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट (DC & DM) तथा पशु क्रूरता निवारण समिति (SPCA), बेलगावी के अध्यक्ष श्री मोहम्मद रोशन, IAS के दूरदर्शी नेतृत्व में संभव हो पाया। इसका उद्देश्य बेलगावी जिले में पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने और ऐसे मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने के प्रयासों को मजबूत करना था।
कार्यशाला में पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने और ऐसी घटनाओं की सूचना मिलने पर व्यावहारिक रूप से की जाने वाली कार्रवाई पर चर्चा की गई। इसमें पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960; भारतीय न्याय संहिता, 2023; तथा अन्य संबंधित कानूनों और कानूनी प्रावधानों की प्रमुख धाराओं की जानकारी दी गई। सत्र में यह भी बताया गया कि पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों और वन्यजीव अपराधों में पुलिस की क्या भूमिका होती है। इसमें FIR दर्ज करना, जांच करना, पशु चिकित्सकों एवं अन्य सरकारी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करना और उचित कानूनी कार्रवाई करना शामिल है।
पशुओं के प्रति क्रूरता और समाज में होने वाली हिंसा को रोकने तथा ऐसे मामलों से निपटने में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। PETA इंडिया को इस महत्वपूर्ण प्रयास में बेलगावी जिला पुलिस का सहयोग करने पर प्रसन्नता है। पशुओं और उन मानव समुदायों की ओर से, जो पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों को गंभीरता से लेने पर अधिक सुरक्षित रहते हैं, PETA इंडिया बेलगावी के उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री मोहम्मद रोशन, IAS का हार्दिक आभार व्यक्त करता है। उन्होंने बेलगावी जिले के पुलिस अधिकारियों को इस विषय पर जागरूक करने की पहल की।
हाल ही में, पहली बार राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने देश में पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों का रिकॉर्ड तैयार किया। इसके अनुसार, वर्ष 2024 में ऐसे 9,039 मामले दर्ज किए गए और 10,312 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
वर्ष 2021 में, फेडरेशन ऑफ इंडियन एनिमल प्रोटेक्शन ऑर्गनाइज़ेशन्स ने एक रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें बताया गया था कि उससे पहले के दशक में लगभग 5 लाख पशु अपराधों के शिकार हुए थे।
PETA इंडिया का कहना है कि हिंसक अपराधों में शामिल कई अपराधियों का पहले भी पशुओं के प्रति क्रूरता का रिकॉर्ड रहा है। Forensic Research and Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन में चेतावनी दी गई है, “पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले लोगों में हत्या, बलात्कार, लूटपाट, मारपीट, उत्पीड़न, धमकी देने और नशीले पदार्थों के सेवन या दुरुपयोग सहित अन्य अपराध करने की आशंका तीन गुना अधिक होती है।”
यह पहल PETA इंडिया के उन निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन अधिकारियों को जागरूक करना तथा पूरे भारत में पशु अधिकार कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाना है, ताकि पशुओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को उनकी गंभीरता के अनुरूप लिया जाए। इससे पहले भी PETA इंडिया सीमा सुरक्षा बल (BSF), ग्वालियर; छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस; गोवा राज्य पुलिस एवं गोवा पशुपालन और पशु चिकित्सा सेवा विभाग; सिक्किम राज्य पुलिस; पुणे सिटी पुलिस; नागपुर सिटी पुलिस; मीरा-भायंदर और वसई-विरार पुलिस; बेलगावी जिला पुलिस; हुबली-धारवाड़ जिला पुलिस; बेंगलुरु सिटी पुलिस; जम्मू, कठुआ और सांबा जिला पुलिस; बेंगलुरु और चिक्कमगलुरु पुलिस प्रशिक्षण विद्यालयों; दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट; केरल पुलिस अकादमी (KEPA), त्रिशूर; बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस; तुमकुरु पुलिस; आंध्र प्रदेश राज्य वन अकादमी, राजमहेंद्रवरम; मुंबई सरकारी रेलवे पुलिस और बेंगलुरु दक्षिण जिला पुलिस के साथ ऐसी जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित कर चुका है।
PETA इंडिया लंबे समय से पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 (PCA Act) को मजबूत बनाने की मांग करता रहा है। इस कानून में निर्धारित दंड पुराने और अपर्याप्त हैं। उदाहरण के लिए, पहली बार दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति पर अधिकतम जुर्माना केवल 50 रुपये है, जबकि भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) और वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (WPA) में अधिक कड़े दंड का प्रावधान है। PCA Act में संशोधन के संबंध में केंद्र सरकार को भेजे गए प्रस्ताव में PETA इंडिया ने पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों में दंड को काफी बढ़ाने की सिफारिश की है।
पशुओं पर क्रूरता की शिकायत करें

