पशुओं पर होने वाली क्रूरता रोकने के लिए बेंगलुरु दक्षिण जिला पुलिस ने PETA इंडिया के साथ मिलकर कार्यशाला आयोजित की।

Posted on by Surjeet Singh

बेंगलुरु दक्षिण जिला पुलिस के 60 से अधिक पुलिसकर्मियों, जिनमें सहायक उप-निरीक्षक (ASI), हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल थे, ने पशुओं पर क्रूरता रोकने और पशु संरक्षण कानूनों को सख्ती से लागू करने के बारे में PETA इंडिया द्वारा आयोजित एक जागरूकता कार्यशाला में भाग लिया। यह कार्यशाला 7 नवंबर को बेंगलुरु दक्षिण, रामनगर स्थित पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई।

यह कार्यशाला पुलिसकर्मियों को पशु संरक्षण कानूनों के प्रति जागरूक करने की एक विशेष पहल का हिस्सा थी। यह पहल IPS अधिकारी श्री गिरीश सन्नर, पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG), सेंट्रल रेंज के नेतृत्व में शुरू की गई है। उन्होंने आदेश जारी किया है कि सेंट्रल रेंज के सभी छह जिलों—बेंगलुरु ग्रामीण, KGF, कोलार, तुमकुरु, चिक्काबल्लापुर और बेंगलुरु दक्षिण—में पुलिसकर्मियों के लिए पशु संरक्षण कानूनों पर जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की जाएं। उनके नेतृत्व और बेंगलुरु दक्षिण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेंद्र डी.एस. (KSPS) के सहयोग से आयोजित यह कार्यशाला इस श्रृंखला की तीसरी कार्यशाला थी। इससे पहले बेंगलुरु ग्रामीण जिला पुलिस और तुमकुरु पुलिस के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। बाकी जिलों में भी ऐसी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

इस कार्यशाला में पशुओं पर क्रूरता को रोकने और ऐसी घटनाओं पर उचित कार्रवाई करने के व्यावहारिक तरीकों पर चर्चा की गई। इसमें पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960; वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (जिसमें 2022 में संशोधन किया गया); भारतीय न्याय संहिता, 2023 और अन्य संबंधित कानूनों के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में यह भी बताया गया कि पशुओं के प्रति क्रूरता और वन्यजीवों से जुड़े अपराधों के मामलों में पुलिस की क्या भूमिका होती है। इसमें FIR दर्ज करना, जांच करना, पशु चिकित्सकों और अन्य सरकारी अधिकारियों के साथ तालमेल बनाना तथा उचित कानूनी कार्रवाई करना शामिल है।

पशुओं पर क्रूरता और समाज में हिंसा को रोकने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। PETA इंडिया इस जरूरी काम में बेंगलुरु दक्षिण पुलिस का सहयोग करके खुश है। पशुओं और मानव समाज की ओर से PETA इंडिया, सेंट्रल रेंज के DIG श्री गिरीश सन्नर, IPS का आभार व्यक्त करता है, जिन्होंने सेंट्रल रेंज के सभी जिलों में पुलिस अधिकारियों को पशु संरक्षण कानूनों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।

हाल ही में, पहली बार राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने देश में पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों का रिकॉर्ड तैयार किया। इसके अनुसार, वर्ष 2024 में ऐसे 9,039 मामले दर्ज किए गए और 10,312 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वर्ष 2021 में, फेडरेशन ऑफ इंडियन एनिमल प्रोटेक्शन ऑर्गनाइजेशन्स ने एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट के अनुसार, उससे पहले के 10 वर्षों में लगभग 5 लाख पशु अपराधों का शिकार हुए थे।

PETA इंडिया का कहना है कि कई हिंसक अपराधियों का पहले भी पशुओं के प्रति क्रूरता का रिकॉर्ड रहा है। Forensic Research and Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन में चेतावनी दी गई है, “पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले लोगों में हत्या, बलात्कार, लूटपाट, मारपीट, उत्पीड़न, धमकी देने और नशीले पदार्थों के सेवन सहित अन्य अपराध करने की आशंका तीन गुना अधिक होती है।”

यह पहल PETA इंडिया के उन लगातार प्रयासों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य पूरे भारत में कानून लागू करने वाले अधिकारियों को पशु संरक्षण के प्रति जागरूक करना और पशु अधिकार कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाना है, ताकि पशुओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को गंभीरता से लिया जाए।

इससे पहले भी PETA इंडिया सीमा सुरक्षा बल (BSF), ग्वालियर; छत्तीसगढ़ पुलिस; गोवा पुलिस और गोवा पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा विभाग; सिक्किम पुलिस; पुणे सिटी पुलिस; नागपुर सिटी पुलिस; मीरा-भायंदर और वसई-विरार पुलिस; बेलगावी जिला पुलिस; हुबली-धारवाड़ जिला पुलिस; बेंगलुरु सिटी पुलिस; जम्मू, कठुआ और सांबा जिला पुलिस; बेंगलुरु और चिक्कमगलुरु पुलिस प्रशिक्षण स्कूलों; दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट; केरल पुलिस अकादमी (KEPA), त्रिशूर; बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस; तुमकुरु पुलिस; आंध्र प्रदेश राज्य वन अकादमी, राजमहेंद्रवरम; और मुंबई सरकारी रेलवे पुलिस के साथ ऐसी जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित कर चुका है।

PETA इंडिया लंबे समय से पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 को और सख्त बनाने की मांग कर रहा है। इस कानून में पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले पहली बार दोषी पाए गए व्यक्ति के लिए अधिकतम जुर्माना केवल 50 रुपये है, जो आज के समय में बहुत कम है। हालांकि, भारतीय न्याय संहिता, 2023 और वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 में अधिक कड़ी सजाओं का प्रावधान है।

PETA इंडिया ने केंद्र सरकार को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में संशोधन के लिए भेजे गए प्रस्ताव में पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों पर जुर्माने और सजा को काफी बढ़ाने की सिफारिश की है।

पशुओं पर क्रूरता होते देखें तो उसकी शिकायत करें