रुड़की: PETA इंडिया की शिकायत पर एशियाड सर्कस के खिलाफ पक्षियों के पंख काटने के मामले में FIR दर्ज

Posted on by Surjeet Singh

PETA इंडिया की शिकायत पर रुड़की पुलिस ने  एशियाड सर्कस के मालिकों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धाराओं 3 और 11 और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 325 के तहत FIR दर्ज की है। यह मामला तब दर्ज हुआ जब PETA इंडिया ने यह खुलासा किया कि रुड़की के लाल कुर्ती कैंटोनमेंट में चल रहे सर्कस में विदेशी पक्षियों—मकाव और कॉकटू—के पंख इस तरह काट दिए गए थे कि वे उड़ न सकें, और फिर उन्हें लोगों के सामने ज़बरदस्ती अजीब तरह के करतब करवाए जा रहे थे। इन पक्षियों की कई प्रजातियां संकटग्रस्त मानी जाती हैं। मामले की गंभीरता के बावजूद, सर्कस प्रबंधन ने पुलिस के साथ सहयोग नहीं किया और संबंधित पक्षियों को छिपा दिया। कुख्यात एशियाड सर्कस पहले भी पशुओं के साथ क्रूरता को लेकर चर्चा में रहा है, और यह मामला एक बार फिर उस क्रूरता को उजागर करता है।

PETA इंडिया की टीम ने एशियाड सर्कस का दौरा किया और देखा कि मंच पर पक्षी घबराहट में अपने कटे हुए पंखों को बार-बार फड़फड़ा रहे थे। उड़ान वाले पंखों को काट देना न केवल पक्षियों को उनकी स्वाभाविक उड़ने की क्षमता से वंचित करता है, बल्कि यह उनके स्थानिक संतुलन की समझ को भी बाधित करता है और लंबे समय तक चलने वाले मानसिक तनाव व आघात का कारण बनता है। यह कृत्य भारतीय पशु संरक्षण कानूनों के तहत क्रूरता और अंग-भंग की श्रेणी में आता है। जिन पक्षियों के पंख काट दिए जाते हैं, वे अधिक भयभीत रहते हैं क्योंकि वे स्वयं को किसी भी खतरे से बचाने में असमर्थ हो जाते हैं। यह कोई नई बात नहीं है कि एशियाड सर्कस पर पशु कल्याण से जुड़े नियमों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगे हैं। इसका इतिहास लगातार लापरवाही और क्रूरता का रहा है। 2024 में सर्कस का एक पक्षी बिल्ली का शिकार बन गया, संभवतः इसलिए क्योंकि उसके पंख पहले ही काट दिए गए थे, जिस कारण वह उड़कर अपनी जान नहीं बचा सका।इससे पहले, 2021 में PETA इंडिया द्वारा दायर एक याचिका के बाद दिल्ली उच्च न्यायालय ने सर्कस से एक दरियाई घोड़े को बचाने का आदेश दिया था, क्योंकि उसकी देखभाल में घोर लापरवाही की जा रही थी। यही नहीं, भारतीय जीव-जन्तु कल्याण बोर्ड (AWBI) पहले ही इस सर्कस का प्रदर्शित पशुओं का पंजीकरण प्रमाणपत्र (PARC) रद्द कर चुका है, क्योंकि सर्कस प्रबंधन ने निरीक्षण में बाधा डाली थी और कानून का पालन नहीं किया। ये सभी घटनाएं स्पष्ट रूप से दर्शाती हैं कि एशियाड सर्कस पशु कल्याण के नियमों के प्रति लगातार असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदार रहा है।

सर्कस में पशु पक्षियों के इस्तेमाल पर रोक लगवाने में मदद करें