PETA इंडिया की शिकायत के बाद, रायपुर वन मंडल ने तीन सांप जब्त किए और सपेरों पर मामला दर्ज किया
नागपंचमी के अवसर पर खमतराई, रायपुर में सपेरों द्वारा कोबरा सांपों को छोटी बांस की टोकरी में बंद करके सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किए जाने के फोटो और वीडियो प्राप्त होने के बाद, PETA इंडिया ने स्थानीय स्वयंसेवकों — दीपेश मौर्य, ऊर्जा श्रृंगारपुरे, शशांक उपाध्याय और आकाश सोनी के साथ मिलकर सपेरों के खिलाफ तीन कोबरा सांपों को अवैध रूप से रखने, प्रदर्शन करने और उपयोग करने के मामले में प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज कराई। कोबरा, वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I के तहत संरक्षित प्रजाति हैं, और उन्हें पकड़ना, रखना या नुकसान पहुँचाना एक गैर-जमानती अपराध है, जिसकी सजा कम से कम तीन साल (जो सात साल तक बढ़ सकती है) की जेल और ₹25,000 या उससे अधिक जुर्माना हो सकता है।
रायपुर वन मंडल ने 29 जुलाई को तीन सपेरों के खिलाफ उपरोक्त अपराधों के लिए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 43, 49(c), 50, 51 और 58(c) के तहत प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज की। वन अधिकारियों ने तीनों साँपों को जब्त कर रायपुर स्थित एक वन्यजीव संरक्षण केंद्र भेजा, जहाँ उनकी प्रजाति-विशेष देखभाल और पुनर्वास किया जा रहा है।
PETA इंडिया ने रायपुर वन मंडल से एक अन्य सपेरे के खिलाफ नया मामला दर्ज करने का अनुरोध किया है। आरोपी ने 27 जुलाई को दर्ज POR संख्या 1063/13 के तहत कोबरा के अवैध कब्जे, उपयोग और प्रदर्शन के अपराध में जमानत पर रहते हुए फिर से अधिक सांपों का उपयोग किया।
PETA इंडिया ने श्री लोकनाथ पटेल, IFS, डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर, रायपुर मंडल की सराहना की है। उन्होंने इस मामले में तत्काल POR दर्ज कर लोगों को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हर साल नागपंचमी के दौरान, कोबरा साँपों की बड़े पैमाने पर अवैध पकड़ होती है। सपेरे लोगों के अंधविश्वास का फायदा उठाने के लिए साँपों को जंगलों से पकड़कर ले जाते हैं, जो कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 का उल्लंघन है।
इन जीवों को बांस की बनी छोटी सी टोकरी में रखा जाता है, जहाँ उनके फैलने या हिलने-डुलने की जगह नहीं होती, जिससे उन्हें बहुत कष्ट होता है। उनके दांत तोड़ दिए जाते हैं और सिर को दर्दनाक तरीके से दबाकर विष ग्रंथियों को खाली किया जाता है, और कई मामलों में तो उनका मुँह भी सिल दिया जाता है। केवल एक छोटा सा छेद रहता है, जिससे उनके पेट में पानी या दूध डाला जाता है। फिर इन्हें शहरों में ले जाकर सपेरों का खेल या अन्य प्रदर्शन और शो में इस्तेमाल किया जाता है। सपेरे जिसे साँप का खेल कहकर लोगों को दिखाते हैं, वह असल में सपेरे की बीन की आवाज़ और बीनहिलाने से साँप के अंदर पैदा होने वाले डर की प्रतिक्रिया होती है। साँप उसे खतरा समझकर उससे बचने के लिए अपना सिर हिलाते हैं। पकड़े गए साँप अक्सर धीरे-धीरे और दर्दनाक तरीके से मर जाते हैं।
साँप आकर्षक जीव हैं जो शरीर की भाषा से सीख सकते हैं और संवाद कर सकते हैं। पाइथन अपने बच्चों की रक्षा करते हैं, और किंग कोबरा अपने अंडों के लिए घोंसले बनाते हैं।

