PETA इंडिया की शिकायत के बाद वन्यजीवों का शिकार और हत्या के भयावह वीडियो मामले में उन्नाव के आरोपी को जेल
फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मोबीन खान नामक एक व्यक्ति द्वारा प्रकाशित कई विचलित करने वाले वीडियो सामने आने के बाद, जिनमें वह वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम (WPA), 1972 की अनुसूची I और II के अंतर्गत संरक्षित पक्षियों और अन्य जंगली पशुओं का शिकार करते, उन्हें प्रताड़ित करते और मारते हुए दिखाई दे रहा था, PETA इंडिया ने उन्नाव वन प्रभाग और उन्नाव पुलिस के साथ मिलकर उसके खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) और वन्यजीव शिकायत दर्ज करवाई जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वीडियो में आरोपी को गुलेल का उपयोग करके जंगली पशुओं और पक्षियों को पकड़ते, उन्हें प्रताड़ित करते और सोशल मीडिया पर लाइक्स पाने के लिए उनकी हत्या करते हुए देखा गया। शिकार की गई कई प्रजातियाँ WPA की अनुसूची I के अंतर्गत संरक्षित हैं, जिनमें भारतीय कोबरा, मोर और बंगाल मॉनिटर छिपकली शामिल हैं, साथ ही अनुसूची II के अंतर्गत संरक्षित प्रजातियाँ भी शामिल हैं, जिनमें कॉमन वुल्फ स्नेक, ब्लैक काइट, रॉक बुश क्वेल, व्हाइट-ब्रेस्टेड वाटरहेन, व्हाइट-थ्रोटेड किंगफिशर, जंगल बैबलर, ग्रीन बी-ईटर, रेड-व्हिस्कर्ड बुलबुल, रोज़-रिंग्ड पैराकीट, जावन मैना और कॉमन मूरहेन शामिल हैं।
PETA इंडिया द्वारा प्रस्तुत शिकायत के आधार पर, उन्नाव वन प्रभाग ने फतेहपुर चौरासी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के अंतर्गत FIR दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त, उन्नाव वन प्रभाग ने WPA की धारा 9 और 51 के अंतर्गत माननीय मजिस्ट्रेट न्यायालय में सीधे वन्यजीव शिकायत दायर की। अनुसूची I के अंतर्गत संरक्षित प्रजातियों से संबंधित अपराधों में न्यूनतम तीन वर्ष के कारावास का प्रावधान है, जिसे सात वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है, साथ ही न्यूनतम ₹25,000 का जुर्माना लगाया जा सकता है; जबकि अनुसूची II के अंतर्गत संरक्षित प्रजातियों से संबंधित अपराधों में तीन वर्ष तक के कारावास, या ₹1 लाख तक के जुर्माने, या दोनों का प्रावधान है।
जेल की सज़ा के अतिरिक्त, PETA इंडिया यह भी अनुशंसा करता है कि पशु-उत्पीड़न करने वालों का मनोचिकित्सीय मूल्यांकन कराया जाए और उन्हें परामर्श दिया जाए, क्योंकि पशुओं के साथ क्रूरता करना गहरे मानसिक विकार का संकेत है। शोध बताते हैं कि जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता करते हैं, वे अक्सर बार-बार अपराध करने वाले होते हैं और आगे चलकर अन्य पशुओं, यहाँ तक कि मनुष्यों को भी नुकसान पहुँचाते हैं। फॉरेंसिक रिसर्च एंड क्रिमिनोलॉजी इंटरनेशनल जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में कहा गया है, “जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता में संलिप्त होते हैं, उनके द्वारा हत्या, बलात्कार, डकैती, हमला, उत्पीड़न, धमकी और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग सहित अन्य अपराध करने की संभावना तीन गुना अधिक होती है।”
पशुओं पर क्रूरता की हमेशा रिपोर्ट करें
