PETA इंडिया की शिकायत के बाद गुंटूर में भारतीय अजगर के साथ दुर्व्यवहार के मामले में POR दर्ज

Posted on by Surjeet Singh

Instagram अकाउंट @fancy_guys_cobradance पर सामने आए कई परेशान करने वाले वीडियो में कुछ लोगों को जीवित अजगरों का इस्तेमाल कर सड़कों पर ‘कोबरा डांस’ के नाम से प्रदर्शन करते हुए देखा गया। इसकी जानकारी मिलने पर PETA इंडिया ने आंध्र प्रदेश वन विभाग के गुंटूर वन प्रभाग में शिकायत दर्ज कराई और अधिकारियों से प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज करने के साथ-साथ साँपों को तुरंत बचाने की अपील की। PETA इंडिया की शिकायत और लगातार फॉलो-अप के बाद गुंटूर वन प्रभाग ने पुष्टि की कि आरोपियों के खिलाफ WPA, 1972 की धारा 9, 39(a), 48(b)(i), 50 और 51(1) के तहत POR संख्या 13/2026 दर्ज की गई है। आरोपी फिलहाल फरार हैं और अधिकारी उनकी तलाश तथा मामले की जाँच कर रहे हैं।

PETA इंडिया इस मामले में POR दर्ज करने के निर्देश देने और यह कड़ा संदेश देने के लिए कि पशुओं के प्रति क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, आंध्र प्रदेश वन विभाग, विशेष रूप से श्री राहुल पांडे, IFS, अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक (CWLW) की सराहना करता है।

उस अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक बेहद परेशान करने वाले वीडियो में एक व्यक्ति को जीवित भारतीय अजगर का सिर अपने मुँह से काटते हुए दिखाया गया है। भारतीय अजगर वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची I के तहत संरक्षित प्रजाति है। प्रदर्शन के दौरान वह व्यक्ति साँप को कसकर पकड़े हुए और उसके सिर को जकड़े हुए दिखाई देता है। ये वीडियो सार्वजनिक मनोरंजन के लिए जीवित साँपों के साथ किए जाने वाले क्रूर व्यवहार और उनके शोषण को उजागर करते हैं।

साँपों को अक्सर मनोरंजन के लिए इस्तेमाल करने और “पालतू” बनाकर रखने के उद्देश्य से उनके प्राकृतिक आवास से पकड़कर ले जाया जाता है, जो वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अवहेलना है। आमतौर पर उनके दाँत बेरहमी से उखाड़ दिए जाते हैं और ज़हरीले साँपों की विष ग्रंथियाँ निकाल दी जाती हैं। कई मामलों में उनके मुँह सिल दिए जाते हैं और केवल इतना छोटा सा छेद छोड़ दिया जाता है, जिससे उन्हें तरल पदार्थ दिया जा सके। इस तरह के दुर्व्यवहार का शिकार साँप गंभीर चोटों से पीड़ित हो सकते हैं और धीमी व दर्दनाक मौत मर सकते हैं।

पशुओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले व्यक्ति की मनोचिकित्सकीय जाँच कराई जानी चाहिए और उसे परामर्श दिया जाना चाहिए, क्योंकि पशुओं के साथ दुर्व्यवहार करना एक गहरी मनोवैज्ञानिक समस्या का संकेत हो सकता है। शोध से पता चलता है कि पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले लोग अक्सर बार-बार अपराध करते हैं और आगे चलकर मनुष्यों सहित अन्य पशुओं को भी नुकसान पहुँचा सकते हैं। Forensic Research & Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन में कहा गया है, “पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले लोगों द्वारा हत्या, बलात्कार, लूट, हमला, उत्पीड़न, धमकी और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग सहित अन्य अपराध किए जाने की संभावना [तीन] गुना अधिक पाई गई।”
पशुओं पर क्रूरता होते देखें तो उसकी रिपोर्ट करें