PETA इंडिया की शिकायत के बाद बेतिया में एक मगरमच्छ के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट दर्ज

Posted on by Surjeet Singh

पश्चिम चंपारण – एक मार्श मगरमच्छ के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद, PETA इंडिया ने बिहार वन विभाग के बेतिया वन प्रमंडल के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया कि दुर्व्यवहार करने वाले आरोपी के खिलाफ तत्काल एक प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज की जाए। यह मगरमच्छ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची I के तहत संरक्षित प्रजाति है।

वीडियो साक्ष्य के आधार पर, आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धाराओं 39, 43, 48 और 49 के तहत POR दर्ज की गई है। यह अपराध गैर-जमानती है और इसमें कम से कम तीन साल की जेल, जो सात साल तक बढ़ सकती है, और कम से कम ₹25,000 का जुर्माना हो सकता है।

.

विचलित कर देने वाले वीडियो से उजागर हुई यह घटना बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में दीवाली के दौरान हुई थी जिसमें एक मगरमच्छ को रस्सी से बाइक से बांधकर सार्वजनिक रूप से घसीटा जा रहा है। इस दौरान भीड़ तालियां बजाती और उत्साह दिखाती नजर आती है, जिससे मगरमच्छ को अत्यधिक दर्द और मानसिक आघात पहुँचा।

PETA इंडिया ने बेतिया वन प्रमंडल से अपील की है कि वन्यजीवों के प्रति इस खुले और जघन्य क्रूरता के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें तुरंत पकड़ने के लिए उचित कदम उठाए जाएँ। बेतिया वन प्रमंडल द्वारा मगरमच्छ को बचा लिया गया है और उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है।

पशुओं पर क्रूरता होते देखें तो उसकी रिकॉर्डिंग करें और तुरंत रिपोर्ट करें