कर्नाटक उच्च न्यायालय ने कहा, “पशु कोई चल संपत्ति नहीं हैं”, PETA इंडिया द्वारा दायर मामले में दुर्व्यवहार के बाद कुत्तों को वापस लौटाने के खिलाफ दिया फैसला।
PETA इंडिया द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कर्नाटक उच्च न्यायालय ने XXXI अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें बचाए गए नौ कुत्तों को उस व्यक्ति को वापस सौंपने की अनुमति दी गई थी, जिस पर उन पर पाइप और मोटे तार से हमला करने तथा उनका यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। उक्त आदेश को पूरी तरह अनुचित बताते हुए और यह टिप्पणी करते हुए कि “पशु कोई चल संपत्ति नहीं हैं”, उच्च न्यायालय ने कहा कि पशुओं के साथ नैतिक व्यवहार करना संवैधानिक नैतिकता का एक महत्वपूर्ण पहलू है और एक सभ्य समाज की मूल भावना को दर्शाता है। यह उल्लेख करते हुए कि संवेदनशील जीव दर्द को महसूस करने और व्यक्त करने में सक्षम होते हैं, माननीय न्यायमूर्ति एम. नागप्रसन्ना की पीठ ने कहा कि पशुओं के प्रति क्रूरता सार्वजनिक अंतरात्मा पर एक कलंक है। न्यायालय ने इस बात पर भी जोर दिया कि मनुष्यों का संवैधानिक कर्तव्य है कि वे इस संसार को जिन सभी जीवित प्राणियों के साथ साझा करते हैं, उनके प्रति करुणा का भाव रखें।
छह गोल्डन रिट्रीवर और तीन शिह त्ज़ू सहित नौ कुत्तों को PETA इंडिया द्वारा दर्ज कराई गई प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) के आधार पर बचाया गया और उनका पुनर्वास किया गया। यह एफआईआर एक जागरूक व्यक्ति द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 62 सहपठित धारा 325 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1) के तहत दर्ज की गई थी। आरोपों में यौन उत्पीड़न के साथ-साथ ऐसे वीडियो फुटेज भी शामिल हैं, जिनमें व्यक्ति कुत्तों को बांधकर पाइप और मोटे तार से लात मारते और पीटते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद कथित मालिक/आरोपी ने कुत्तों पर अपना दावा छोड़ दिया। इसके बावजूद, PETA इंडिया को बिना सूचना दिए और तथ्यों का पूर्ण खुलासा किए बिना, आरोपी ने मजिस्ट्रेट न्यायालय से कुत्तों को दोबारा अपनी अभिरक्षा में सौंपने का आदेश प्राप्त कर लिया था। इस आदेश पर पहले रोक लगा दी गई थी और अब उच्च न्यायालय ने इसे निरस्त कर दिया है। सभी नौ कुत्तों का पुनर्वास Compassion Unlimited Plus Action (CUPA), Charlie’s Animal Rescue Centre (CARE) और Safescape Foundation के माध्यम से प्रेमपूर्ण घरों में किया जा चुका है, जहाँ आरोपी के विरुद्ध विचाराधीन मुकदमे की कार्यवाही पूरी होने तक वे रहेंगे।
बीएनएस, 2023 की धारा 325 के तहत किसी भी पशु को विकलांग बनाना या उसकी हत्या करना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है और इसके लिए पाँच वर्ष तक के कारावास, या जुर्माने, या दोनों का प्रावधान है। बीएनएस, 2023 की धारा 62 के तहत किसी संज्ञेय अपराध का प्रयास भी दंडनीय है। किसी पशु को विकलांग बनाने या उसकी हत्या करने का प्रयास बीएनएस, 2023 की धारा 62 सहपठित धारा 325 के तहत दंडनीय है।
PETA इंडिया की अनुशंसा है कि पशुओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों का मनोचिकित्सकीय मूल्यांकन कराया जाए और उन्हें परामर्श दिया जाए, क्योंकि पशुओं के साथ दुर्व्यवहार करना गहरे मनोवैज्ञानिक विकार का संकेत है। शोध से पता चलता है कि जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता करते हैं, वे अक्सर आदतन अपराधी होते हैं और बाद में अन्य पशुओं, यहाँ तक कि मनुष्यों को भी नुकसान पहुँचाते हैं। Forensic Research & Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन में कहा गया है, “जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता करते हैं, उनके द्वारा हत्या, बलात्कार, डकैती, हमला, उत्पीड़न, धमकी तथा मादक पदार्थों के दुरुपयोग सहित अन्य अपराध करने की संभावना तीन गुना अधिक होती है।”



