बाल दिवस के अवसर पर अभिनेता सोनू सूद के बेटे अयान सूद को PETA इंडिया का ‘करुणामय युवा पुरस्कार’ (Compassionate Youth Award) से सम्मानित किया गया।
बाल दिवस (14 नवंबर) से पहले, PETA इंडिया की ओर से 17 वर्षीय अयान सूद को Compassionate Youth Award दिया जा रहा है। अयान, अभिनेता और लंबे समय से PETA इंडिया के सहयोगी तथा शाकाहारी सोनू सूद के पुत्र हैं। यह सम्मान उन्हें समुदाय के पशुओं की मदद के लिए किए गए उनके उदार कार्यों की सराहना में प्रदान किया जा रहा है।
अयान सूद पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से समुदायिक कुत्तों और बिल्लियों को खाना खिला रहे हैं और पीने के लिए ताज़ा पानी उपलब्ध कराते हैं। वह उन गरीब परिवारों को भी भोजन दान करते हैं जो अपने घरेलू पशुओं को भोजन नहीं करा पाते। वर्ष 2021 में, अयान ने अलीबाग की सड़कों पर से राह भटके एक भारतीय नस्ल के कुत्ते को गोद लिया और उसका नाम नारुतो रखा। बचपन में, उन्होंने और सोनू सूद ने क्रिकेट खेलते समय एक घायल कबूतर को भी बचाया था।
आने वाली पीढ़ी में पशुओं के प्रति करुणा की भावना विकसित करने के लिए PETA इंडिया शिक्षकों को अपना ‘करुणामय नागरिक’ (Compassionate Citizen) मानवीय शिक्षा कार्यक्रम निःशुल्क प्रदान करता है। यह कार्यक्रम 8 से 12 वर्ष की आयु के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है और उन्हें पशुओं के प्रति दयालु होने के महत्व के बारे में सिखाता है।

