‘पशु’ एक ‘इंसान’ को अपना भोजन बनाएँगे! अंतरराष्ट्रीय मांस-मुक्त दिवस के अवसर पर PETA इंडिया पेश करेगा अनोखा नुक्कड़ नाटक।
अंतरराष्ट्रीय माँस-मुक्त दिवस (25 नवंबर) से पहले लोगों को पशुओं के प्रति संवेदनशील बनाने और उन्हें मांसाहार छोड़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से, PETA इंडिया के समर्थकों ने पुणे में एक अनोखा नुक्कड़ नाटक किया। इसमें मुर्गी, बकरी और सूअर के मुखौटे पहने समर्थक खून से लथपथ एक मेज पर लेटे हुए ‘इंसान’ को अपना भोजन बनाते हुए दिखाई दिए। इस प्रदर्शन के पास लगे बैनर पर लिखा था- “मांस तो मांस है, कृपया वीगन बनें।” इस अनोखे प्रदर्शन के ज़रिए PETA इंडिया लोगों को यह सोचने के लिए प्रेरित करना चाहता है कि जिस तरह इंसान दर्द, डर, खुशी और जीने की इच्छा महसूस करते हैं, उसी तरह पशु भी इन भावनाओं को महसूस करते हैं। साथ ही, लोगों को भारत के स्वादिष्ट पारंपरिक वीगन भोजन को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। वीगन भोजन में मांस, दूध और दूध से बने उत्पाद शामिल नहीं होते।
PETA इंडिया के इस अभियान में युवा भारतीय सबसे आगे हैं। 2026 में YouGov और India Karuna Collaborative द्वारा 18 से 30 वर्ष की उम्र के भारतीयों पर किए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, 70 प्रतिशत युवा मानते हैं कि गाय, बकरी और मुर्गियों जैसे पशु भी दर्द, डर और तकलीफ महसूस कर सकते हैं। वहीं, 54 प्रतिशत लोगों ने कहा कि कोई उत्पाद खरीदते समय पशु कल्याण का ध्यान रखना उनके लिए बहुत या बेहद महत्वपूर्ण है।
भारत में वीगन (मांस और डेयरी उत्पादों से मुक्त) खान-पान का चलन तेज़ी से बढ़ रहा है। इसके पीछे पशु अधिकारों, पर्यावरण और स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती जागरूकता है। खासकर जेन ज़ी (Gen Z) के युवा इस बदलाव को अपना रहे हैं। वैश्विक मार्केट रिसर्च कंपनी Ipsos और Plant Based Foods Industry Association (PBFIA) के शोध के अनुसार, भारत का वीगन खाद्य उद्योग 2034 तक 5,500 करोड़ रुपये तक पहुँच सकता है। शोध में यह भी सामने आया कि सर्वेक्षण में शामिल जेन ज़ी के 78 प्रतिशत उपभोक्ता मानते हैं कि वीगन भोजन अच्छी सेहत को बढ़ावा देता है, 75 प्रतिशत का मानना है कि इससे पर्यावरण पर पड़ने वाला नकारात्मक असर कम होता है और 69 प्रतिशत मानते हैं कि वीगन खान-पान पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने में मदद करता है।
मुर्गियाँ एक-दूसरे से बातचीत करने के लिए जटिल आवाज़ों और संकेतों का इस्तेमाल करती हैं, सूअर सपने देखते हैं, गायें अपने साथियों से बिछड़ने पर दुखी होती हैं, बकरियाँ जिज्ञासु स्वभाव की होती हैं और मछलियाँ भी खेलती हैं। इसके बावजूद, PETA इंडिया के चर्चित वीडियो खुलासे “ग्लास वॉल्स” (Glass Walls) में दिखाया गया है कि आज की पश्चिमी तर्ज़ पर चलने वाली औद्योगिक पशु-पालन इकाइयों में मुर्गियों को हज़ारों की संख्या में बेहद तंग शेडों में रखा जाता है। वहाँ जमा गंदगी से निकलने वाली अमोनिया गैस के कारण हवा दमघोंटू हो जाती है और मुर्गियों को उनकी प्राकृतिक ज़रूरतों के अनुसार जीने का मौका तक नहीं मिलता। इन मुर्गियों और दूसरे पशुओं को ठूंस-ठूंसकर ऐसे वाहनों में भर दिया जाता है, जो उन्हें बूचड़खानों तक ले जाते हैं। इस दौरान कई पशुओं की हड्डियाँ टूट जाती हैं, वे एक-दूसरे के नीचे दब जाते हैं या दम घुटने से मर जाते हैं। बूचड़खानों में अक्सर बकरियों, भेड़ों और दूसरे पशुओं का गला कुंद छुरों से काटा जाता है, जबकि मछलियों को दम घुटने के लिए छोड़ दिया जाता है या जीवित अवस्था में ही काटा जाता है।
आज भारत दुनिया में सबसे अधिक मांस-मुक्त आबादी वाले देशों में शामिल है और लगभग 10 प्रतिशत भारतीय खुद को वीगन मानते हैं। वीगन खान-पान अपनाने वाला हर व्यक्ति हर साल लगभग 200 पशुओं की जान बचाने में मदद कर सकता है। इससे खान-पान के कारण होने वाले कार्बन उत्सर्जन में 73 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। साथ ही, इससे मोटापे, हृदय रोग, मधुमेह और कुछ प्रकार के कैंसर का जोखिम कम करने में भी मदद मिल सकती है।
क्या आप प्रेरित महसूस कर रहे हैं ?

