गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में आयोजित वन हेल्थ वार्षिक सम्मेलन में पेटा इंडिया ने मानव स्वास्थ्य के लिए प्रासंगिक अनुसंधान विधियों को बढ़ावा देने की पैरवी की।

Posted on by Sudhakarrao Karnal

वन हेल्थ वार्षिक सम्मेलन 2026 का आयोजन 9 और 10 अक्टूबर को अमृतसर स्थित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (GNDU) में किया गया। इस सम्मेलन में विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य के बीच आपसी संबंधों को समझना और उन पर चर्चा करना था। वन हेल्थ इंडिया ऑर्गनाइज़ेशन द्वारा गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन ने स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के बीच संवाद, वैज्ञानिक विचारों के आदान-प्रदान और नीतिगत चर्चाओं का एक साझा मंच प्रदान किया। PETA इंडिया की वैज्ञानिक एवं अनुसंधान नीति सलाहकार डॉ. अंजना अग्रवाल ने “मानव स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए जैव-चिकित्सकीय अनुसंधान और नियामक नीतियों का आधुनिकीकरण” विषय पर अपने विचार साझा किये। अपने व्याख्यान में उन्होंने पशुओं पर आधारित अनुसंधान की वैज्ञानिक सीमाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने अनुसंधान में पशुओं के इस्तेमाल के विकल्प के रूप में उभर रही आधुनिक, पशु-मुक्त परीक्षण विधियों और उनके व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने वाले नियामक बदलावों की जानकारी दी।

विभिन्न प्रजातियों के बीच जैविक अंतर होने के कारण पशुओं पर किए जाने वाले प्रयोगों से यह भरोसेमंद तरीके से अनुमान नहीं लगाया जा सकता कि मानव शरीर पर किसी पदार्थ या उपचार का क्या प्रभाव पड़ेगा। आधुनिक अनुसंधान विधियाँ, जैसे मानव कोशिकाओं पर आधारित परीक्षण, ऑर्गेनॉइड (प्रयोगशाला में विकसित सूक्ष्म अंग-जैसी संरचनाएँ), ऑर्गन-ऑन-चिप तकनीक और कंप्यूटर आधारित मॉडल, जैव-चिकित्सकीय अनुसंधान को मानव स्वास्थ्य के लिए अधिक प्रासंगिक और प्रभावी बनाने के बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। इन नवीन विधियों को अपनाकर पशुओं पर होने वाले प्रयोगों का स्थान आधुनिक विकल्प ले सकते हैं और वैज्ञानिक प्रगति को भी बढ़ावा मिल सकता है।

PETA इंडिया अपनी रिसर्च मॉडर्नाइज़ेशन डील (अनुसंधान के आधुनिकीकरण की पहल) के माध्यम से आधुनिक और मानव स्वास्थ्य के लिए प्रासंगिक अनुसंधान विधियों को अपनाने की दिशा में बदलाव की पैरवी करता है। इस पहल का उद्देश्य अनुसंधान को आधुनिक बनाने के लिए एक समन्वित रणनीति तैयार करना, उन्नत पशु-मुक्त परीक्षण विधियों को प्राथमिकता देना, नियामक नीतियों में सुधार करना और यह सुनिश्चित करना है कि वैज्ञानिक नवाचारों से मानव स्वास्थ्य को वास्तविक लाभ मिले।

इस सम्मेलन की रूपरेखा इस मान्यता पर आधारित थी कि मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़ा हुआ है। जनस्वास्थ्य, पशुओं से इंसानों में फैलने वाली बीमारियों, रोगाणुरोधी दवाओं के प्रति बढ़ते प्रतिरोध, पर्यावरणीय स्वास्थ्य और जैव-चिकित्सकीय नवाचार जैसे विषयों पर हुई चर्चाओं ने वैज्ञानिक और नीतिगत क्षेत्रों के बीच आपसी सहयोग के महत्व को रेखांकित किया। PETA इंडिया वैज्ञानिक रूप से उन्नत और पशु-मुक्त अनुसंधान विधियों को अपनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। आधुनिक अनुसंधान विधियों और मजबूत नियामक ढाँचे को बढ़ावा देकर भारत जैव-चिकित्सकीय विज्ञान के क्षेत्र में प्रगति कर सकता है और साथ ही पशुओं को होने वाली पीड़ा को भी कम कर सकता है।

जैव-चिकित्सकीय अनुसंधान को आधुनिक और मानव स्वास्थ्य के लिए अधिक प्रासंगिक बनाने की माँग में PETA इंडिया का साथ दें। रिसर्च मॉडर्नाइज़ेशन डील के बारे में जानें और समझें कि भारत किस तरह ऐसे भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, जहाँ वैज्ञानिक प्रगति से इंसानों को लाभ मिले, बिना पशुओं को नुकसान पहुँचाए।

प्रयोगों में पशुओं के इस्तेमाल को समाप्त करने के अभियान में हमारा साथ दें।