बड़ी जीत! भारत की तीसरी सबसे बड़ी फ़ार्मेसी और लाइफस्टाइल रिटेल चेन वेलनेस फॉरएवर ने PETA इंडिया की अपील के बाद ग्लू ट्रैप की बिक्री बंद कर दी है।
PETA इंडिया की अपील के बाद, भारत की तीसरी सबसे बड़ी फ़ार्मेसी और लाइफस्टाइल रिटेल चेन वेलनेस फॉरएवर ने अपने 400 से अधिक स्टोर्स और वेबसाइट पर ग्लू ट्रैप्स की बिक्री बंद कर दी है। ग्लू ट्रैप्स वे चिपचिपी शीट होती हैं जिन पर नन्हें जीव चिपक जाते हैं और फिर कई दिनों तक भूखे प्यासे रहते व पीड़ा सहते हुए मर जाते हैं। यह कदम तब उठाया गया जब PETA इंडिया के प्रयासों के बाद देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने ग्लू ट्रैप्स के निर्माण, उपयोग और बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया। PETA इंडिया के संपर्क करने के बाद अमेज़न इंडिया, मेशो, फ्लिपकार्ट, स्नैपडील और जियोमार्ट ने भी अपने प्लेटफ़ॉर्म से ग्लू ट्रैप्स की लिस्टिंग हटा दी। वहीं राजमंदिर हाइपरमार्केट ने राष्ट्रीय राजधानी में अपने सभी स्टोर्स से ग्लू ट्रैप्स की बिक्री बंद कर दी है।
वन्यजीव – जैसे पक्षी, साँप, छिपकली, चूहे, मूषक और गिलहरियाँ – और छोटे पशु जैसे बिल्ली के बच्चे, जो गलती से ग्लू ट्रैप पर चिपक जाते हैं, छूटने के लिए बेतहाशा कोशिश करते हैं। कुछ जीव भागने की कोशिश में अपने ही अंग काट लेते हैं। ये चिपके हुए जीव अंततः सदमे, निर्जलीकरण, दम घुटने या अत्यधिक रक्तस्राव से मर जाते हैं। फँसे हुए जीव मूत्र और मल त्याग करते रहते हैं, जिससे हंटावायरस, साल्मोनेला और लेप्टोस्पायरोसिस जैसी बीमारियाँ फैल सकती हैं, जो गंभीर स्वास्थ्य खतरा पैदा करती हैं। ग्लू ट्रैप्स इसलिए भी बेअसर हैं क्योंकि ये असली समस्या का समाधान नहीं करते जब तक भोजन का स्रोत उपलब्ध रहेगा, तब तक मारे गए पशुओं की जगह दूसरे पशु आते रहेंगे।
View this post on Instagram
चूहों की संख्या को नियंत्रित करने का एकमात्र टिकाऊ तरीका यह है कि उनके लिए जगह को अप्रिय या अनुपलब्ध बनाया जाए। इसके लिए भोजन के स्रोत खत्म करें, कूड़ेदान को अच्छी तरह बंद रखें और छिपने की जगहें कम करें। PETA इंडिया बताता है कि अमोनिया में भीगे हुए रुई के गोले या कपड़े चूहों को दूर भगाने में मदद करते हैं (उन्हें इसकी गंध पसंद नहीं होती)। जब चूहे बाहर निकल जाएँ, तो उनके प्रवेश के रास्तों को फोम सीलेंट, स्टील वूल, हार्डवेयर क्लॉथ या मेटल शीट से बंद किया जा सकता है। यदि घर से चूहों को निकालना आवश्यक हो, तो मानवीय पिंजरा-ट्रैप का उपयोग किया जा सकता है। इन्हें रोज़ाना जांचना चाहिए और पकड़े गए चूहों को सुरक्षित रूप से घर से दूर छोड़ देना चाहिए।