क्रूरता का विरोध करने की शपथ लें’: PETA इंडिया का बिलबोर्ड अभियान शादियों में घोड़ों का इस्तेमाल न करने की अपील करता है

Posted on by Surjeet Singh

शादियों का सीजन शुरू होने से पहले PETA इंडिया ने देश के कई शहरों में बिलबोर्ड लगाकर लोगों से शादियों में घोड़ों का इस्तेमाल न करने की अपील की है। शादियों में इस्तेमाल होने वाले घोड़ों को नियंत्रित करने के लिए दर्दनाक काँटेदार लगामें प्रयोग की जाती हैं जिससे घोड़ों के मुंह छलनी हो जाते हैं। इस क्रूर प्रथा के बारे में जागरूक करने वाले बिलबोर्ड, विवाह बंधन में बंधने वाले नव जोड़ों से अपील करते हैं कि वे अपनी जिंदगी के सबसे खास दिन पर किसी का पीड़ा का कारण ना बनें।

 

पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1965 ड्राट एवं पैक नियम 8 के तहत काँटेदार लगामों का इस्तेमाल प्रतिबंधित है फिर भी PETA इंडिया द्वारा अमृतसर, चंडीगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, मोहाली और पंचकूला सहित कई स्थानों पर की गई जाँचों में पाया गया कि 800 से अधिक पशुओं के मुंह में काफी गहराई तक यह कटीली लगामें पहनाई गई थी। इस तरह के  यातनात्मक उपकरणों से उनके होंठ और जीभ फट जाते हैं और अत्यधिक दर्द, खून से भरे घाव, गंभीर मानसिक आघात और आजीवन क्षति का कारण बनते हैं।

जैसे-जैसे इन काँटेदार लगामों के बारे में आम जनता में जागरूकता बढ़ रही है, लोग बहुत सी बारातों में घोड़ों के अलावा अन्य विकल्पों का इस्तेमाल कर रहे हैं। दूल्हा बारात के लिए घोड़े की बजाय कार, पैदल या फिर हेलीकॉप्टर से भी आने जैसे आधुनिक तरीके अपना रहे हैं। जिन सेलिब्रिटी जोड़ियों की शादिओं में घोड़ों का इस्तेमाल नहीं किया गया उनमें अनुष्का शर्मा–विराट कोहली, नील नितिन मुकेश–रुक्मिणी सहाय, रणबीर कपूर–आलिया भट्ट, शाहिद कपूर–मीरा राजपूत, सोनम कपूर–आनंद आहूजा, वरुण धवन–नताशा दलाल और ज़हीर ख़ान–सागरिका घाटगे जैसी प्रसिद्ध हस्तियाँ शामिल हैं।

घोड़ों के मुंह में पहनाई जाने वाली अवैध काँटेदार लगामों के इस्तेमाल को रोकने में मदद करें शादी विवाह या अन्य कार्यक्रमों में घोड़ों का इस्तेमाल करने की शपथ लें