वाराणसी में पिंजरों में कैद तीन तोतों को कराया गया मुक्त; PETA इंडिया की शिकायत के बाद वन्यजीव अपराध का मामला दर्ज

Posted on by Surjeet Singh

एक जागरूक नागरिक से मिली शिकायत के अनुसार, एक घर में अलेक्जेंड्रिन तोतों (भारतीय प्रजाति के तोते जिनके गले में लाल रंग का रिंग बना होता है)  को पिंजरों में कैद करके रखा गया था। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, PETA इंडिया ने उत्तर प्रदेश वन विभाग के वाराणसी वन प्रभाग को इसकी जानकारी दी। शिकायत के आधार पर वन अधिकारियों ने संबंधित परिसर में छापा मारा और वहाँ तीन तोते पाए। तीनों पक्षियों को अपने कब्ज़े में लेकर आज़ाद कराया गया। बचाए जाने के बाद, पक्षियों की पशु चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जाँच की गई। उन्हें छोड़ने के लिए स्वस्थ घोषित किए जाने के बाद उनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया।

अलेक्जेंड्रिन तोतों को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची II के तहत संरक्षण प्राप्त है। इन पक्षियों को अवैध रूप से पकड़ना या अपने पास रखना दंडनीय अपराध है, जिसके लिए 1 लाख रुपये तक का जुर्माना, तीन वर्ष तक की जेल या दोनों सजाएँ हो सकती हैं। तोतों को अवैध रूप से कैद करके रखने के मामले में वन प्रभाग ने दो आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 2, 9, 39, 48, 49B(4), 50, 51 और 57 के तहत प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज की है।

पक्षियों के व्यापार में अनगिनत पक्षियों को उनके परिवारों से अलग कर दिया जाता है और उन्हें उन सभी प्राकृतिक एवं महत्वपूर्ण चीज़ों से वंचित कर दिया जाता है, जो उनके जीवन के लिए आवश्यक हैं। ऐसा उन्हें पालतू पशुओं के रूप में बेचने या झूठी भविष्यवाणियाँ करने के लिए इस्तेमाल करने के उद्देश्य से किया जाता है। अक्सर छोटे पक्षियों को उनके घोंसलों से ही उठा लिया जाता है, जबकि अन्य पक्षी जालों और फंदों में फँसकर घबरा जाते हैं। उनसे छूटने की कोशिश में उन्हें गंभीर चोटें लग सकती हैं या उनकी मौत भी हो सकती है। माना जाता है कि पकड़े गए पक्षियों में से 80 प्रतिशत तक की मृत्यु हो सकती है। इनमें से कई पक्षी परिवहन के दौरान टूटे पंखों और पैरों, प्यास या अत्यधिक डर के कारण दम तोड़ देते हैं। जो पक्षी इन परिस्थितियों में जीवित बच जाते हैं, उन्हें भी कैद में बेहद दयनीय जीवन बिताना पड़ता है, जहाँ वे कुपोषण, अकेलेपन, अवसाद और तनाव से पीड़ित रहते हैं।

वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित स्थानीय पक्षियों को पकड़ना, अपने पास रखना और उनका व्यापार करना प्रतिबंधित है। इस कानून का उल्लंघन करने पर जेल, जुर्माना या दोनों सजाएँ हो सकती हैं। इसके अलावा, पक्षियों को ऐसे पिंजरों में बंद रखना, जहाँ उन्हें पर्याप्त रूप से घूमने-फिरने की स्वतंत्रता न मिले, पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(e) का उल्लंघन है। पक्षियों के मामले में यह विशेष रूप से चिंताजनक है, क्योंकि उड़ना उनकी प्राकृतिक गतिविधियों का एक अभिन्न हिस्सा है।

पक्षियों को कभी भी कैद न करने का संकल्प लें

पशु पक्षियों पर क्रूरता होते देखें तो हमेशा रिपोर्ट करें