प्यार और सुरक्षा की तलाश में हैं बॉलीवुड सितारों द्वारा बचाए गए ये मासूम बिल्ली के बच्चे
जब दया और करुणा की बात आती है, तो पूजा भट्ट, रवीना टंडन और ल्यूक केनी जैसे सितारे अपने दिल और आवाज़ दोनों से पशुओं के लिए आगे आते हैं। PETA इंडिया इन संवेदनशील सितारों के प्रयासों के चलते तीन मासूम, चंचल बिल्ली के बच्चों की देखभाल कर रहा है — और अब हम उनके लिए ऐसे घर की तलाश में हैं, जहाँ उन्हें प्यार, सुरक्षा और अपनापन मिले।
एक नन्ही मादा बिल्ली अक्सर अभिनेत्री पूजा भट्ट की बिल्डिंग के बाहर भोजन की आस में आती थी। सोसाइटी के कुछ सदस्यों की शिकायतों के बाद, उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित होकर पूजा भट्ट ने PETA इंडिया से संपर्क किया, और हमने उसे अपनी गोद में ले लिया।
एक और बिल्ली के बच्चे को अभिनेत्री रवीना टंडन की एक मित्र ने व्यस्त मुंबई की सड़कों पर अकेला भटकते देखा। उसने उसे खाना खिलाया और देखभाल की। रवीना को जब इस नन्ही जान की हालत का पता चला, तो उन्होंने अपनी मित्र को तुरंत PETA इंडिया की टीम से जोड़ा, और हम इस नन्हीं जान को भी सुरक्षित अपने संरक्षण में ले आए।
अभिनेता ल्यूक केनी भी एक बिल्ली के बच्चे को खाना खिला रहे थे, जिसकी मां कहीं नजर नहीं आ रही थी। उन्होंने भी PETA इंडिया से संपर्क किया, और हमने उस नन्ही जान को भी अपनाया।
तीनों बिल्ली के बच्चे मादा हैं — एक 2 महीने की, दूसरी 3 महीने की और सबसे बड़ी महज 3.5 महीने की। सभी का डिवॉर्मिंग और प्रारंभिक टीकाकरण हो चुका है, बस सबसे छोटी का टीकाकरण अभी शेष है। फिलहाल, ये नन्ही जानें हमारे स्टाफ के साथ धीरे-धीरे दोस्ती कर रही हैं, लेकिन ये स्नेह, सुरक्षा और स्थायी अपनापन पाने की पूरी हकदार हैं।
PETA इंडिया गोद लेने के समय नसबंदी और आगे के टीकाकरण का खर्च वहन करेगा। साथ ही, हम मुंबई से ड्राइविंग दूरी या एक दिन के ट्रेन सफर के भीतर इनकी सुरक्षित यात्रा की भी व्यवस्था कर सकते हैं।
अगर आप तैयार हैं अपने जीवन में नन्हे प्यार की एक नई किरण लाने के लिए, तो हमसे [email protected] पर मेल करके या 9871437382 पर कॉल करके संपर्क करें।
साथी पशुओं को हमेशा गोद लें – खरीदें नहीं!
एक बचाए गए बिल्ली के बच्चे को जीवन, प्रेम और एक परिवार का अनमोल तोहफा दें।


