हमीरपुर: दो कोबरा सांपों को ज़िंदा जलाने वाला व्यक्ति गिरफ्तार – PETA इंडिया के हस्तक्षेप पर हुई कार्रवाई
हमीरपुर, उत्तर प्रदेश — सोशल मीडिया पर वायरल हुए चिंताजनक वीडियो में एक व्यक्ति को कथित रूप से दो कोबरा सांपों को जलती हुई घास की ढेरी में फेंकते हुए दिखाया गया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले में PETA इंडिया के हस्तक्षेप के बाद, उत्तर प्रदेश वन विभाग के हमीरपुर वन प्रभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज की और आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है।
जिन सांपों की हत्या की गई, वे भारतीय कोबरा प्रजाति के माने जा रहे हैं, जो वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में संरक्षित प्रजातियों में शामिल हैं। इस अपराध के तहत धारा 9, 39 और 51 के अंतर्गत POR दर्ज की गई है। यह एक ग़ैर-जमानती अपराध है, जिसकी सजा 3 से 7 वर्ष तक की कैद और न्यूनतम ₹25,000 का जुर्माना है।
कोबराओं को एक अत्यंत दर्दनाक और अनावश्यक मृत्यु का शिकार बनाया गया। PETA इंडिया हमीरपुर वन प्रभाग, विशेषकर श्री अनिल श्रीवास्तव, IFS, डिविज़नल फॉरेस्ट ऑफिसर, के प्रति आभार व्यक्त करता हैं जिन्होंने तत्काल निर्णायक कार्रवाई करते हुए यह स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी पशु के प्रति क्रूरता को समाज में स्वीकार नहीं किया जाएगा। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि यदि वे किसी सांप को देखें, तो उसे नुकसान पहुँचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचित करें क्योंकि किसी भी प्रजाति की हत्या एक अपराध है, न कि समाधान।
PETA इंडिया कोबरा जैसे सांपों के प्राकृतिक आवास को संरक्षित करने और पुनर्स्थापित करने की आवश्यकता की मांग करता है, जिससे मनुष्यों और सांपों के बीच संघर्ष को कम किया जा सके। PETA समूह यह भी स्पष्ट करता है कि सांप आमतौर पर खुद-ब-खुद उस क्षेत्र से चले जाते हैं यदि उन्हें निकलने का रास्ता दिया जाए। साथ ही, PETA इंडिया लोगों से आग्रह करता है कि सांपों को हटाने के लिए वन विभाग से संपर्क करें, न कि उन्हें नुकसान पहुँचाएँ।
पशुओं पर क्रूरता करने वालों को कठोर सजा दिए जाने की मांग करें
