PETA इंडिया के हस्तक्षेप के बाद वडोदरा में कुत्ते को गाड़ी से कुचलकर मारने के मामले में एफआईआर दर्ज
सड़क पर एक कार द्वारा धीरे-धीरे आगे बढ़कर एक कुत्ते को कुचलने की चौंकाने वाली घटना की जानकारी मिलने के बाद, जिसमें कुत्ते के सिर से अत्यधिक खून बहा और बाद में उसकी मृत्यु हो गई, PETA इंडिया और स्थानीय पशु-देखभालकर्ता श्री निरव शेठ ने वडोदरा सिटी पुलिस के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 325 और 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 177, 184 और 134 के तहत एफआईआर दर्ज की जाए।
यह घटना 17 जून को वडोदरा के रुद्रा कॉम्प्लेक्स स्थित एक सार्वजनिक सड़क पर हुई। कुत्ते को कुचलने के बाद वाहन चालक न तो रुका और न ही उसने किसी प्रकार की सहायता प्रदान की। घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोत्री पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी (SHO) श्री एच. बी. चावड़ा ने कथित आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि पशुओं के प्रति क्रूरता, लापरवाही से वाहन चलाना और घायल पशुओं को तड़पता छोड़ देना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
BNS, 2023 की धारा 325 के तहत किसी भी पशु को अपंग करना या उसकी हत्या करना एक संज्ञेय अपराध है, जिसके लिए पाँच वर्ष तक के कारावास या जुर्माने या दोनों की सजा का प्रावधान है।
PETA इंडिया की सिफारिश है कि पशु अत्याचार करने वाले लोगों की मनोवैज्ञानिक जाँच कराई जाए और उन्हें परामर्श (काउंसलिंग) दिया जाए, क्योंकि पशुओं के साथ क्रूरता गहरे मनोवैज्ञानिक विकार का संकेत हो सकती है। शोध से पता चलता है कि पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले लोग अक्सर दोबारा अपराध करने वाले होते हैं और आगे चलकर अन्य पशुओं, यहाँ तक कि मनुष्यों को भी नुकसान पहुँचा सकते हैं। Forensic Research & Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन में कहा गया है, “जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता करते हैं, उनमें हत्या, बलात्कार, डकैती, हमला, उत्पीड़न, धमकी और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग सहित अन्य अपराध करने की संभावना तीन गुना अधिक होती है।”
जो लोग पशुओं के साथ क्रूरता करते हैं, वे अक्सर आगे चलकर मनुष्यों को भी नुकसान पहुँचाते हैं। सभी की सुरक्षा के लिए यह आवश्यक है कि लोग इस तरह की पशुओं के प्रति क्रूरता और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाओं की सूचना पुलिस को दें।
पशुओं के साथ क्रूरता की हमेशा रिपोर्ट करें
