PETA इंडिया की शिकायत के बाद, धनबाद में कुत्ते को पीट-पीटकर मार डालने के मामले में एफआईआर दर्ज

Posted on by Surjeet Singh

एक सामुदायिक कुत्ते को दो ग्रामीणों द्वारा पीट-पीटकर मार डालने की भयावह घटना की सूचना मिलने के बाद, PETA इंडिया ने स्थानीय कार्यकर्ता राणा प्रताप और बाघमारा पुलिस स्टेशन के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया कि अपराधी के खिलाफ प्राथमिक सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) तुरंत दर्ज की जाए।

यह घटना 13 फरवरी को हुई। बताया जाता है कि कुत्ते को पहले ग्रामीणों द्वारा भगाया जा रहा था, तभी वह झाड़ियों में लगे एक तार में उलझ गया। कुत्ता खुद को छुड़ा पाता, उससे पहले ही दो व्यक्तियों ने मिलकर नुकीले पत्थर और भारी डंडे से उस असहाय कुत्ते पर हमला किया और बेरहमी से पीटकर उसकी जान ले ली। इस जघन्य कृत्य को आंशिक रूप से दर्शाने वाले एक वीडियो और एक स्थानीय नागरिक की शिकायत के आधार पर, बाघमारा पुलिस स्टेशन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 325 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(a) के तहत एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है, और पुलिस पोस्टमॉर्टम के लिए मृत कुत्ते के शव का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 325 के तहत किसी भी पशु को अपंग करना या मार डालना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है और इसके लिए अधिकतम पाँच वर्ष तक का कारावास, या जुर्माना, या दोनों का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(l) के तहत किसी भी पशु को विकृत करना या उसकी हत्या करना (जिसमें सामुदायिक कुत्ते भी शामिल हैं) संज्ञेय और दंडनीय अपराध माना गया है।

PETA इंडिया की सिफारिश है कि पशु क्रूरता करने वालों का मनोचिकित्सकीय मूल्यांकन कराया जाए और उन्हें परामर्श (काउंसलिंग) दी जाए, क्योंकि पशुओं के साथ दुर्व्यवहार गहरे मनोवैज्ञानिक विकार का संकेत हो सकता है। शोध से पता चलता है कि जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता करते हैं, वे अक्सर आदतन अपराधी होते हैं और आगे चलकर अन्य पशुओं, यहाँ तक कि मनुष्यों को भी नुकसान पहुँचा सकते हैं। Forensic Research & Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन में कहा गया है: “जो लोग पशुओं के साथ क्रूरता में संलग्न थे, उनके द्वारा अन्य अपराध जिनमें हत्या, बलात्कार, डकैती, हमला, उत्पीड़न, धमकी और नशीले पदार्थों का दुरुपयोग शामिल है, करने की संभावना तीन गुना अधिक थी।”

पशुओं पर क्रूरता करने वालों पर कठोर दंड की मांग करें जब भी पशुओं पर क्रूरता होते देखें तो यहाँ जाने कि आपको क्या कदम उठाना है