अंतरराष्ट्रीय बिल्ली दिवस से पहले PETA इंडिया का संदेश : “अगर आप बिल्ली नहीं खा सकते, तो मछली क्यों?”

Posted on by Surjeet Singh

अंतरराष्ट्रीय बिल्ली दिवस (8 अगस्त) से ठीक पहले पणजी की सड़कों पर एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला : PETA इंडिया का एक कार्यकर्ता “बिल्ली विक्रेता” के रूप में – हाथ में “कसाई वाला चाकू” लिए – लोगों को “बिल्ली के बच्चे का मांस” बेचता नजर आया। इस प्रदर्शन का उद्देश्य जनता को यह संदेश देना है कि सभी पशु संवेदनशील होते हैं और वे भी दर्द व भय महसूस करते हैं; इसलिए जो व्यक्ति बिल्ली नहीं खा सकता, उसे मछली भी नहीं खानी चाहिए।

मछलियाँ भी बुद्धिमान, संवेदनशील और जिज्ञासु प्राणी होती हैं, जिन्हें खेलना पसंद है। दुख की बात है कि हर साल अरबों मछलियों को उनके प्राकृतिक घरों से बेरहमी से खींच लिया जाता है और उन्हें दम घोंटकर या चीर-फाड़ कर बेहद दर्दनाक मौत दी जाती है। PETA इंडिया सभी लोगों से अपील करता है कि वे अपनी थाली से हर उस प्राणी को हटा दें चाहे उसके शरीर पर फर हो या फिन क्योंकि सभी जीव दर्द और डर महसूस करते हैं।

वैज्ञानिकों ने पुष्टि की है कि मछलियाँ स्तनधारियों की तरह ही दर्द एवं पीड़ा महसूस कर सकती हैं, उनके पास अच्छी याददाश्त होती है, वे खुद को शीशे में देखकर पहचान सकती हैं, और ऐसी सूक्ष्म आवाजें जो इंसान बिना किसी विशेष उपकरणों के नहीं सुन सकता, वह आसानी से सुन सकती हैं। अन्य सभी पशुओं की तुलना में हर साल भोजन के लिए मछलियाँ बहुत अधिक संख्या में मारी जाती हैं। खाने का लालच देकर और खाने में कांटा फंसाकर उनका मुंह चीर दिया जाता है फिर उसी कांटे और डोर के सहारे लटका कर पानी से बाहर खींच लिया जाता है। फिर मांस के लिए उन्हें कुचल कर, काटकर या उबलते पानी में डाल कर मौत के घाट उतार दिया जाता है और इस क्रूरता के दौरान अधिकांश मछलियाँ सचेत अवस्था में होती हैं और इस पीड़ा को महसूस करती हैं।

वीगन जीवनशैली अपनाने वाला हर व्यक्ति प्रति वर्ष लगभग 200 पशुओं की जान बचाता है। वह न सिर्फ कार्बन फुटप्रिन्ट को कम करता है बल्कि उन लोगों को हृदय रोग, मधुमेह और कैंसर से पीड़ित होने का खतरा भी कम रहता है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, जलवायु आपदा के सबसे बुरे प्रभावों से निपटने के लिए वैश्विक स्तर पर लोगों को वीगन जीवनशैली की ओर अग्रसर होने की जरूरत है। जो भी लोग वीगन जीवनशैली अपनाना चाहते हैं, PETA इंडिया उनकी इस कार्य में मदद करता है और उन्हें मुफ्त वीगन स्टार्टर किट प्रदान करता है।


अपनी मुफ़्त वीगन स्टार्टर किट आज ही ऑर्डर करें