‘क्या आपने मेरी माँ को पहना है?’ नेशनल पेरेंट्स डे से पहले PETA इंडिया के रोबोट बछड़े ने चंडीगढ़ में खरीदरों से मासूम सवाल किया
नेशनल पेरेंट्स डे (26 जुलाई) से पहले, PETA इंडिया के रोबोट बछड़े ‘जीव’ ने चंडीगढ़ में लेदर के कपड़े या सामान पहने खरीदारों से यह मार्मिक सवाल पूछा कि “क्या आपने मेरी माँ को पहना है?” असली जैसा दिखने वाला यह रोबोट बछड़ा, जिसका सिर अत्याधुनिक 3D-प्रिंटिंग तकनीक से बना है, यह दिखाता है कि कैसे गायों को उनके बछड़ों से अलग कर दिया जाता है और फिर लेदर के लिए उन बछड़ों को मार दिया जाता है। साथ ही, जब भी कोई कहता कि उसने वीगन लेदर से बने जूते, कपड़े या एक्सेसरीज़ पहनी हैं, तो यह रोबोट खुशी में डांस करने लगता था। जो लोग ‘जीव’ के साथ सहानुभूतिपूर्ण बातचीत करने के लिए रुके और दयालुता का रास्ता चुनने का संकल्प लिया, उन्हें पशुओं के प्रति संवेदना के प्रतीक के तौर पर एक गुलाब भी दिया गया।
लेदर का हर हैंडबैग, जैकेट और जूते का जोड़ा असल में एक ऐसे जीव की खाल से बनता है जो हमारी ही तरह सोचने समझने और महसूस करने वाला प्राणी था, और जिसकी मौत बहुत डरावनी और हिंसक तरीके से हुई। फिर भी, लेदर के लिए इस्तेमाल होने वाली गायों और भैंसों को अक्सर गाड़ियों में इतनी बड़ी संख्या में ठूंस-ठूंसकर भरा जाता है कि उनकी हड्डियां तक टूट जाती हैं। जो पशु बूचड़खाने तक के मुश्किल सफ़र में बच जाते हैं, उन्हें भी बहुत दर्दनाक मौत का सामना करना पड़ता है: दूसरे पशुओं के सामने ही उनका गला काट दिया जाता है, और कई पशुओं के होश में होने के दौरान ही उनके शरीर के टुकड़े कर दिए जाते हैं।

लेदर बनाने से भी धरती को नुकसान पहुँचता है, क्योंकि पशुओं की खाल को लेदर में बदलने के लिए क्रोमियम जैसे खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है, जो पानी के स्रोतों में घुलकर उन्हें ज़हरीला बना देते हैं और टैनरी में काम करने वाले लोगों के लिए भी नुकसानदायक होते हैं।
वीगन लेदर और पशुओं के लिए सुरक्षित दूसरे विकल्प देश भर में लगभग सभी बड़े कपड़ों और जूतों की दुकानों पर मिलते हैं। ग्लोबल “PETA-Approved Vegan” सर्टिफ़िकेशन, वीगन मटीरियल से बने कपड़ों, हैंडबैग, जूतों, एक्सेसरीज़, फ़र्नीचर और घर की सजावट के सामान की पहचान करता है। दुनिया भर में 1,000 से ज़्यादा कंपनियाँ “PETA-Approved Vegan” लोगो का इस्तेमाल कर रही हैं, ताकि भारत और दूसरी जगहों पर सामाजिक रूप से जागरूक ग्राहक खरीदारी करते समय एक नज़र में ही वीगन उत्पादों की पहचान कर सकें।
PETA इंडिया खरीदारों से अपील करता है कि वे आज आसानी से उपलब्ध वीगन चीज़ों को चुनकर सभी माताओं, जिनमें गायें भी शामिल हैं, का सम्मान करें।
