PETA इंडिया की शिकायत के बाद दहिसर पूर्व में पिंजरे में कैद दो तोतों को बदहाल हालत से कराया गया मुक्त; वन्यजीव अपराध का मामला दर्ज
एक जागरूक नागरिक से शिकायत मिलने के बाद कि दहिसर पूर्व में एक घर के बाहर दो रोज़-रिंग्ड पैराकीट (गले में रंगीन छल्ले जैसी पट्टी वाले तोते) को बेहद खराब हालत में पिंजरे में कैद करके रखा गया है, PETA इंडिया ने तुरंत महाराष्ट्र वन विभाग के ठाणे वन मंडल को इसकी सूचना दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए वन अधिकारियों ने संबंधित परिसर पर छापा मारा और दोनों तोतों को पिंजरे से मुक्त कराया। इसके बाद, संरक्षित पक्षियों को अवैध रूप से पकड़ने और अपने पास रखने के आरोप में प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज की गई।
दोनों तोतों को घर के बाहर एक कबाड़ से भरी और आधी ढकी जगह में रखे छोटे, जंग लगे तार के पिंजरे में ठूंसकर रखा गया था। दोनों पक्षियों के सीने, शरीर और पंखों पर काफी पंख झड़ चुके थे। इस तरह पंख झड़ना अक्सर पंख नोंचने की आदत से जुड़ा होता है, जो अत्यधिक तनाव में रहने वाले कैद पक्षियों में विकसित हो सकती है। बचाए जाने के बाद दोनों तोतों की पशु चिकित्सकों ने जाँच की। फिलहाल उन्हें ठाणे वन मंडल के अस्थायी ट्रांजिट सेंटर में निगरानी में रखा गया है।
रोज़-रिंग्ड पैराकीट (तोते) वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची II के तहत संरक्षित प्रजाति है। इन पक्षियों को अवैध रूप से पकड़ने या अपने पास रखने पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना, तीन साल तक की जेल या दोनों सजाएँ हो सकती हैं।
पक्षियों के व्यापार में अनगिनत पक्षियों को उनके परिवारों से छीन लिया जाता है और उनकी हर प्राकृतिक ज़रूरत और खुशी उनसे छीनकर उन्हें पालतू पक्षियों के रूप में बेच दिया जाता है या झूठी भविष्यवाणी करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। कई बार छोटे पक्षियों को उनके घोंसलों से ही उठा लिया जाता है। वहीं, दूसरे पक्षी जाल और फंदों में फँसकर घबरा जाते हैं। उनसे छूटने की कोशिश में उन्हें गंभीर चोट लग सकती है या उनकी मौत भी हो सकती है। पकड़े गए पक्षियों में से 80 प्रतिशत तक की मौत होने का अनुमान है। इनमें से कई पक्षी एक जगह से दूसरी जगह ले जाते समय टूटे पंखों और पैरों, प्यास या अत्यधिक डर के कारण दम तोड़ देते हैं। जो पक्षी बच जाते हैं, उन्हें भी कैद में बेहद दुखद जीवन बिताना पड़ता है। वे कुपोषण, अकेलेपन, अवसाद और तनाव का शिकार होते हैं।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित देशी पक्षियों को पकड़ना, अपने पास रखना और उनका व्यापार करना प्रतिबंधित है। इस कानून का उल्लंघन करने पर जेल, जुर्माना या दोनों सजाएँ हो सकती हैं। इसके अलावा, पक्षियों को ऐसे पिंजरों में बंद रखना, जहाँ उन्हें ठीक से घूमने-फिरने की भी जगह न मिले, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(e) का उल्लंघन है। यह पक्षियों के लिए विशेष रूप से चिंता का विषय है, क्योंकि उड़ना उनकी प्राकृतिक गतिविधियों का अहम हिस्सा है।

