वन्यजीवों के शिकार और हत्या के वीडियो के मामले में वन्यजीव अपराध की रिपोर्ट दर्ज, PETA इंडिया की शिकायत के बाद कलबुर्गी में एक व्यक्ति को जेल भेजा गया।

Posted on by Surjeet Singh

इंस्टाग्राम अकाउंट “karnatak_king.5050” पर अरुण जाधव नाम के एक व्यक्ति द्वारा कुछ परेशान करने वाले वीडियो पोस्ट किए गए थे। इन वीडियो में वह वन्यजीवों का पीछा करते, उन्हें डराते, मारते और उनका शिकार करने के बाद उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते हुए दिखाई दे रहा था। ये वन्यजीव वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (जिसमें 2022 में संशोधन किया गया) की अनुसूची I और II के तहत संरक्षित हैं। इन वीडियो की जानकारी मिलने के बाद, PETA इंडिया ने कर्नाटक वन विभाग के कलबुर्गी वन मंडल के साथ मिलकर आरोपी के खिलाफ प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज कराई। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। इसके बाद उसे 16 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वह अभी भी जेल में है।

वीडियो में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित जंगली पशुओं के शिकार के बेहद क्रूर तरीके दिखाए गए हैं। इनमें अनुसूची I में शामिल भारतीय साही और बंगाल मॉनिटर छिपकली तथा अनुसूची II में शामिल जंगली सूअर, भारतीय खरगोश, ग्रे फ्रैंकोलिन और ओरिएंटल हनी बज़र्ड शामिल हैं। वीडियो में इन पशुओं को पकड़ने के लिए बड़े जाल बिछाना, डंडों से हमला करना, कुत्तों से पीछा करवाकर उन्हें घेरना, भालों से हमला करना, पत्थरों से मारना और बंदूकों से गोली चलाना जैसे तरीके दिखाए गए हैं। शिकार में इस्तेमाल किए गए कुत्तों को भी जंगली सूअरों और साही के कांटों से गंभीर चोट लगने का खतरा था।

PETA इंडिया की शिकायत पर कलबुर्गी के वन संरक्षक (DCF) श्री आशीष रेड्डी एम.वी., IFS ने आरोपी के खिलाफ प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज की। इसमें वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धाराओं 2(1), 9, 39, 44, 49B, 50, 51 और 55 के साथ-साथ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। इस शिकार में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास भी जारी हैं।

अनुसूची I के तहत संरक्षित प्रजातियों के शिकार से जुड़े अपराधों में कम से कम तीन साल और अधिकतम सात साल की जेल हो सकती है। इसके साथ कम से कम 25,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया जा सकता है। वहीं, अनुसूची II के तहत संरक्षित प्रजातियों के शिकार के मामलों में तीन साल तक की जेल या एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। जेल और अन्य कानूनी सजाओं के अलावा, PETA इंडिया की सिफारिश है कि पशुओं के साथ क्रूरता करने वाले लोगों की मनोवैज्ञानिक जांच कराई जाए और उन्हें काउंसलिंग दी जाए, क्योंकि पशुओं के साथ दुर्व्यवहार करना गंभीर मानसिक समस्या का संकेत हो सकता है।

शोध बताते हैं कि पशुओं के साथ क्रूरता करने वाले कई लोग बार-बार ऐसे अपराध करते हैं और आगे चलकर अन्य पशुओं के साथ-साथ इंसानों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। Forensic Research & Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, “पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले लोगों में हत्या, बलात्कार, लूटपाट, मारपीट, उत्पीड़न, धमकी देने और नशीले पदार्थों के सेवन सहित अन्य अपराध करने की आशंका तीन गुना अधिक होती है।”

पशुओं पर क्रूरता की शिकायत करें