पश्चिम चंपारण: PETA इंडिया की शिकायत के बाद बेतिया में एक मगरमच्छ के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट दर्ज
For Immediate Release:
23 December 2025
Contact:
Meet Ashar; [email protected]
Anushka Yadav; [email protected]
पश्चिम चंपारण – एक मार्श मगरमच्छ के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद, पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया (PETA इंडिया) ने बिहार वन विभाग के बेतिया वन प्रमंडल के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया कि दुर्व्यवहार करने वाले आरोपी के खिलाफ तत्काल एक प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज की जाए। यह मगरमच्छ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची I के तहत संरक्षित प्रजाति है।
वीडियो साक्ष्य के आधार पर, आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धाराओं 39, 43, 48 और 49 के तहत POR दर्ज की गई है। यह अपराध गैर-जमानती है और इसमें कम से कम तीन साल की जेल, जो सात साल तक बढ़ सकती है, और कम से कम ₹25,000 का जुर्माना हो सकता है।
विचलित कर देने वाले वीडियो से उजागर हुई यह घटना बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में दीवाली के दौरान हुई थी जिसमें एक मगरमच्छ को रस्सी से बाइक से बांधकर सार्वजनिक रूप से घसीटा जा रहा है। इस दौरान भीड़ तालियां बजाती और उत्साह दिखाती नजर आती है, जिससे मगरमच्छ को अत्यधिक दर्द और मानसिक आघात पहुँचा।
PETA इंडिया ने बेतिया वन प्रमंडल से अपील की है कि वन्यजीवों के प्रति इस खुले और जघन्य क्रूरता के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें तुरंत पकड़ने के लिए उचित कदम उठाए जाएँ। बेतिया वन प्रमंडल द्वारा मगरमच्छ को बचा लिया गया है और उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है।
PETA इंडिया की क्रूएल्टी रेस्पॉन्स कॉर्डिनेटर इशानी राठी कहती हैं -“हम बेतिया वन प्रमंडल के प्रभागीय वन अधिकारी, श्री पंकज कुमार, आईएफएस, की सराहना करते हैं जिन्होंने POR दर्ज कर यह स्पष्ट संदेश दिया कि पशुओं के साथ क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम आम नागरिकों से आग्रह करते हैं कि वन्यजीवों से निपटने के लिए कभी भी हिंसा का सहारा न लें और इसके बजाय वन विभाग की मदद लें।”
PETA इंडिया, जो इस सिद्धांत के तहत काम करता है कि “पशु हमारे मनोरंजन करने के लिए नहीं हैं”, प्रजातिवाद (speciesism) का विरोध करता है, प्रजातिवाद एक मानव-प्रधान सोच है और जिसके तहत इंसान खुद को सर्वोपरि मानकर, अपनी जरूरतों के अनुसार अन्य प्रजातियों के साथ अलग-अलग व्यवहार एवं शोषण करता है। अधिक जानकारी के लिए कृपया PETAIndia.comपर जाएँ और X, Facebook, एवं Instagram. पर PETA को फ़ॉलो करें।
#