पलक्कल, तिरुवनंतपुरम ग्रामीण क्षेत्र में अवैध बैल-दौड़ आयोजन पर PETA इंडिया की शिकायत के बाद 20 लोगों पर मामला दर्ज

Posted on by Shreya Manocha

व्हाट्सऐप ग्रुप पर एक पोस्टर के प्रसार के बाद जिसमें पलक्कल क्षेत्र, तिरुवनंतपुरम ग्रामीण में मरमडी नामक बैल-दौड़ आयोजित करने की जानकारी दी गई थी, PETA इंडिया ने तुरंत कार्यवाही करते हुए पुलिस को सतर्क किया। पुलिस द्वारा पहले ही आयोजकों को चेतावनी देने के बावजूद वीडियो से यह सामने आया कि दौड़ नियोजित अनुसार आयोजित की गई। तत्पश्चात, PETA इंडिया के आग्रह पर तिरुवनंतपुरम ग्रामीण पुलिस ने इस अवैध आयोजन में शामिल आयोजकों और प्रतिभागियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की।

यह FIR पलक्कल थाने में दर्ज की गई जिसमें भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 291 (पशुओं के जीवन को संकट में डालने वाली लापरवाह आचरण), केरल पुलिस अधिनियम, 2011 की धारा 120(1), और “पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960” की धारा 3 और 11(1)(a) (पशुओं को मारना, यातना देना और अनावश्यक पीड़ा पहुँचाना अपराध है) शामिल हैं। FIR में 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिन्होंने 19 जोड़ी बैलों का इस्तेमाल कर अवैध दौड़ आयोजित की। इसमें दर्ज है कि आरोपियों ने बैलों को जबरन दौड़ाया, उन्हें अधिक परिश्रम कराया और क्रूरता का शिकार बनाया जिससे पशुओं का जीवन संकटग्रस्त हुआ।

भारत के सर्वोच्च न्यायालय और केरल उच्च न्यायालय पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि बैल-दौड़ अवैध और स्वभावतः क्रूर है। बैलों को कोड़े मारकर, नाक में बंधी रस्सी को झकझोरकर या उनकी पूंछ मरोड़कर दौड़ाने की प्रथा किसी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। हम तिरुवनंतपुरम ग्रामीण पुलिस की सराहना करते हैं जिन्होंने तुरंत FIR दर्ज करके यह संदेश दिया कि पशुओं के प्रति क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैल पहले से ही कठिन जीवन जीते हैं, और उन्हें दौड़ाने की यातना उनके लिए और भी त्रासदायी है। दौड़ के दौरान भयभीत बैल दर्द से बचने के लिए भागते हैं। उन्हें नाक की रस्सी पकड़कर जबरन शुरुआती लाइन तक घसीटा जाता है, नंगे हाथों या कीलदार डंडों से पीटा जाता है, और तेज़ दौड़ाने के लिए अक्सर उनकी पूंछ की हड्डियाँ तोड़ दी जाती हैं।

इसी प्रकार, 8 सितंबर 2024 को PETA इंडिया की शिकायत पर पलक्कड जिले के अलथुर थाना पुलिस ने अवैध बैलगाड़ी दौड़ कराने वालों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया था। इसी तरह, 8 दिसंबर 2021 को PETA इंडिया की शिकायत के बाद मलमपुझा थाने ने स्वतः संज्ञान लेकर FIR दर्ज की थी। इसके बाद, 19 मई 2022 को माननीय न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट-III, पलक्कड ने सीसी संख्या 239/2022 में सभी आरोपियों को भारतीय दंड संहिता, 1860 की धाराओं 289 और 336 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 3 और 11(1)(a) के तहत दोषी ठहराया।

8 सितंबर 2015 को केरल उच्च न्यायालय ने आदेश पारित किया था कि वह सर्वोच्च न्यायालय के 2014 के निर्णय से बंधा है, जिसमें केंद्र सरकार की 7 जुलाई 2011 की अधिसूचना द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को बरकरार रखा गया था। न्यायालय ने यह भी दोहराया कि सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट कहा है कि बैल शारीरिक रूप से दौड़ के लिए उपयुक्त नहीं हैं।

पशु क्रूरता की रिपोर्ट करें