PETA इंडिया की शिकायत के बाद वन अधिकारियों ने नागौर में अवैध रूप से बंधक बनाए गए काले हिरण के शावक को बचाया

Posted on by Surjeet Singh

इंस्टाग्राम पर साझा किए गए कई वीडियो में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (डब्ल्यूपीए) की अनुसूची I के तहत संरक्षित प्रजाति काले हिरण के एक शावक को अवैध रूप से अपने कब्जे में रखने का मामला सामने आने के बाद, पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया (PETA इंडिया) ने नागौर वन प्रभाग के साथ मिलकर शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर ही काले हिरण के शावक को बचाया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और शावक को पकड़ने में कथित रूप से इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

बचाए गए काले हिरण के शावक को फिलहाल वन विभाग की देखरेख और संरक्षण में रखा गया है। उसके स्वास्थ्य और शारीरिक स्थिति का पता लगाने के लिए उसका विस्तृत पशु-चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा। पशु-चिकित्सक की रिपोर्ट और वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के अनुसार, वन विभाग उसके पुनर्वास और प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़े जाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

अनुसूची I के तहत संरक्षित प्रजातियों से जुड़े अपराधों में कम से कम तीन वर्ष की कैद, जिसे सात वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है, और कम से कम ₹25,000 का जुर्माना हो सकता है।

अवैध रूप से पकड़े गए या शिकार किए गए पशु भारत की नाज़ुक जैव विविधता के लिए नुकसान हैं, क्योंकि प्रकृति में हर प्रजाति की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। काले हिरण घास के मैदानों को स्वस्थ बनाए रखने, बीज फैलाने और उस नाज़ुक पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं, जिस पर अन्य वन्यजीव भी निर्भर करते हैं। अवैध शिकार और अवैध रूप से बंधक बनाकर रखना पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को अस्थिर कर देता है, जिस पर पर्यावरण और अन्य प्रजातियों का संतुलन और कल्याण निर्भर करता है।

पशुओं पर क्रूरता की हमेशा रिपोर्ट करें