PETA UK ने सर डेविड एटनबरो को ‘लिविंग लेजेंड 2026’ अवॉर्ड से किया सम्मानित
सात दशकों से भी अधिक समय से मशहूर अंग्रेज़ी प्रसारक, लेखक और प्रकृतिवादी सर डेविड एटनबरो अपनी प्रस्तुतियों के ज़रिये दुनिया को अन्य प्रजातियों के अद्भुत जीवन से परिचित कराते आए हैं। उन्होंने इन प्रजातियों के अस्तित्व के लिए ज़रूरी प्राकृतिक आवासों की रक्षा की पुरज़ोर वकालत की है और लोगों को इनके संरक्षण के लिए कदम उठाने हेतु प्रेरित किया है। अपने ऐतिहासिक 100वें वर्ष में प्रवेश करने के अवसर पर, PETA इंडिया की UK सहयोगी संस्था ने इस महान प्रकृतिवादी और प्रसारक को अपने ‘लिविंग लेजेंड 2026’ अवॉर्ड से सम्मानित किया है।
सर डेविड को इस फैसले की जानकारी देते हुए लिखे एक पत्र में PETA संस्थाओं की संस्थापक इंग्रिड न्यूकिर्क ने कहा कि Our Planet, A Life on Our Planet और Wild Isles जैसी उनकी ऐतिहासिक डॉक्यूमेंट्रीज़ में प्रस्तुत कहानियों ने लाखों लोगों को यह समझने के लिए प्रेरित किया है कि अन्य पशु भी अलग-अलग व्यक्तित्व वाले जीव हैं, जिनके “अपने संवाद करने के तरीके, परिवार, दोस्तियाँ, व्यक्तित्व और जीवन हैं जो उनके लिए मायने रखते हैं, और जो हमसे उनके प्रति सम्मान व सुरक्षा की अपेक्षा करते हैं।”
“आपके शताब्दी वर्ष में भी आपकी आवाज़ उतनी ही महत्वपूर्ण बनी हुई है। आपकी जिज्ञासा, करुणा और प्राकृतिक दुनिया के बचे हुए हिस्सों में रहने वाले पशुओं के साथ-साथ प्रयोगशालाओं और ऐसी अन्य जगहों पर मौजूद पशुओं के लिए आवाज़ उठाने का आपका दृढ़ संकल्प पीढ़ियों को प्रेरित करता आ रहा है। लोगों के दिल और दिमाग खोलने में अपना पूरा जीवन समर्पित करने और हमें यह याद दिलाने के लिए धन्यवाद कि हम इस खूबसूरत धरती को अनगिनत अन्य प्रजातियों के साथ साझा करते हैं और हमें इसी बात को ध्यान में रखते हुए अपने कदम उठाने चाहिए।”– इंग्रिड न्यूकिर्क, PETA संस्थाओं की संस्थापक
सर डेविड के कार्यक्रमों ने न सिर्फ अन्य पशुओं के असाधारण जीवन को दुनिया के सामने उजागर किया है, बल्कि जैव विविधता में हो रही कमी और तेज़ी से खत्म होते प्राकृतिक आवासों को लेकर भी चेतावनी दी है। पशुओं और प्रकृति के लिए उनकी यह पैरवी पर्दे तक सीमित नहीं रही। PETA संस्थाओं के अनुसार, सर डेविड ने सरकारों, व्यवसायों और आम लोगों से प्रकृति की रक्षा और उसके पुनरुद्धार के लिए कदम उठाने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने दुनियाभर के लोगों को यह सोचने के लिए भी प्रेरित किया है कि उनकी थाली में मौजूद भोजन का धरती पर क्या प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा है कि “यह धरती अरबों मांसाहारियों का बोझ नहीं उठा सकती।” उन्होंने बंदरों पर किए जाने वाले प्रयोगों के खिलाफ भी आवाज़ उठाई है। इस संबंध में उन्होंने लिखा, “वे संवेदनशील जीव हैं, जिनका मानसिक जीवन हमारे जैसा है और जिनमें संवेदनशीलता भी होती है। दर्द और वंचित किए जाने का उनके लिए भी उतना ही अर्थ है, जितना हमारे लिए।”
‘लिविंग लेजेंड 2026’ अवॉर्ड से पहले भी PETA UK ने सर डेविड के शताब्दी वर्ष को एक बेहद खास तरीके से सम्मानित किया था। मई में उनके 100वें जन्मदिन के अवसर पर PETA UK ने उनके सम्मान में बचाए गए एक बैल का नाम Sir David Attenbullock रखा था। यह बुज़ुर्ग बैल वर्षों तक दिल्ली में भारी गाड़ियाँ खींचता रहा था। बाद में PETA इंडिया की एक मशीनीकरण परियोजना के तहत उसे बचाया गया। इस परियोजना के ज़रिये पशुओं से खिंचवाई जाने वाली गाड़ियों की जगह इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल शुरू कराया जाता है। अब यह बैल एक खूबसूरत पशु अभयारण्य में सुरक्षित जीवन बिता रहा है।
