“शी डिड नॉट कंसेंट”: कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के बाहर PETA इंडिया का विश्व वीगन माह बिलबोर्ड अभियान मुर्गियों के प्रति करुणा की अपील करता है।

Posted on by Surjeet Singh

विश्व वीगन माह (नवंबर) के अवसर पर, और क्योंकि भारत में डेयरी के बाद चिकन मांस और अंडे सबसे अधिक खाए जाने वाले पशु-उत्पन्न खाद्य पदार्थ हैं, पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स, इंडिया (PETA इंडिया) ने  देशभर के कई विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के पास बिलबोर्ड लगाकर लोगों को सोचने पर मजबूर करने वाला संदेश लिखा है जिसमें एक मुर्गी के चित्र के साथ अपील की गई है कि शी डिड नॉट कंसेंट– कृपया वीगन बनें।” यह संदेश बताता है कि मुर्गियाँ और अन्य पशु स्वेच्छा से अपने प्राण नहीं देते। यह बिलबोर्ड अभियान ऐसे समय में आया है जब देशभर के शैक्षणिक परिसरों में यौन उत्पीड़न और हिंसा को रोकने के लिए ‘सहमति’ के महत्व पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को यह याद दिलाना है कि मुर्गियाँ भी पीड़ा नहीं चाहतीं और वे भी जीना चाहती हैं।

मुर्गियाँ बुद्धिमान और संवेदनशील जीव हैं, जिनकी संज्ञानात्मक क्षमताएँ बिल्लियों, कुत्तों और यहाँ तक कि कुछ प्राइमेट्स (वनमानुषों) के बराबर होती हैं। फिर भी, मांस के लिए पाली जाने वाली अधिकांश मुर्गियाँ अपना पूरा जीवन तंग और गंदे शेड्स में बिताती हैं। उन्हें इस तरह पाला जाता है कि उनके ऊपरी शरीर अस्वाभाविक रूप से बहुत बड़े हो जाते हैं, जिससे उनका वजन उनके पैरों पर इतना बढ़ जाता है कि वे अक्सर लाचार होकर गिर जाती हैं। अंडा उद्योग में, मुर्गियों को तार के बनें पिंजरों में रखा जाता है, जो इतने छोटे होते हैं कि वे अपने पंख तक नहीं फैला सकतीं। लगभग दो वर्षों के बाद, जब उनकी अंडे देने की क्षमता समाप्त हो जाती है तो उन्हें “बेकार” मानकर उसी तरह की अन्य मुर्गियों के साथ ट्रक में ठूंसकर बूचड़खानों या मांस मंडियों में भेज दिया जाता है, जहाँ  आमतौर पर उनके होशो हवास में होने के दौरान उनके गले काट दिए जाते हैं। इसी बीच, नवजात नर चूजे जो आगे चलकर अंडे नहीं दे सकते, उन्हें पीसकर, कुचलकर, पानी में डुबोकर, जलाकर या अन्य बेरहम तरीकों से मार दिया जाता है।

जो भी व्यक्ति वीगन जीवनशैली अपनाता है, वह हर साल लगभग 200 पशुऑन को मरने से बचाता है, अपने कार्बन फुटप्रिंट (पर्यावरणीय प्रभाव) को काफी हद तक कम करता है और हृदय रोग, मधुमेह तथा कैंसर जैसी बीमारियों के जोखिम को घटाता है। पोषण की दृष्टि से भी, पौध-आधारित आहार बेहद समृद्ध होता है जैसे एक बड़ा अंडा लगभग 6 ग्राम प्रोटीन प्रदान करता है, एक कप पके हुए काबुली चने (चना) में लगभग 14.5 ग्राम प्रोटीन, एक कप उबली हुई दाल में लगभग 17.9 ग्राम प्रोटीन होता है एवं आधा कप तोफू (सोया पनीर) में लगभग 19.9 ग्राम प्रोटीन होता है।

PETA इंडिया के 30 दिवसीय वीगन चैलेंज में हिस्सा लीजिए!