PETA एशिया की जांच ने मोरक्को में ऊंटों पर हो रहे हैरान कर देने वाले अत्याचारों का खुलासा किया
PETA एशिया की एक नई जांच से पता चला है कि मोरक्को में पर्यटन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ऊंटों के साथ बेहद क्रूर व्यवहार किया जाता है। उन्हें सवारी देने के लिए जबरन इस्तेमाल किया जाता है, बेरहमी से पीटा जाता है, खतरनाक मौसम में बिना किसी सुरक्षा के खुले में बांधकर छोड़ दिया जाता है, और जब वे “काम के नहीं” रहते, तो उन्हें मार दिया जाता है या मांस के लिए बेच दिया जाता है।
इस दर्दनाक वीडियो में दिखाया गया है कि ऊंटों को कुछ ही फीट लंबी रस्सियों से बांधा गया है, तेज़ रेत के तूफान के बीच खुले में छोड़ दिया गया है, और उन्हें झुलसा देने वाली गर्मी में पूरे दिन पर्यटकों को ढोने के लिए मजबूर किया जाता है।
एक ऑपरेटर को कैमरे में कैद किया गया, जिसमें वह एक बंधे हुए ऊंट को लंबी लकड़ी से बार-बार पीट रहा था, जबकि ऊंट मार से बचने की कोशिश कर रहा था। एक सवारी ऑपरेटर ने जांचकर्ताओं को बताया कि ऊंट — जो 40 साल तक जी सकते हैं — को आमतौर पर लगभग 5 साल तक ही इस्तेमाल किया जाता है, जिसके बाद उन्हें मार दिया जाता है या मांस के लिए बेच दिया जाता है
ऊंट समझदार और सामाजिक जीव होते हैं, जिनकी अपनी ज़रूरतें, इच्छाएं और रुचियां होती हैं।
जब वे अपने प्राकृतिक वातावरण में आज़ाद होते हैं, तो झुंड में रहते हैं और एक-दूसरे से आवाज़ों और शरीर की हरकतों के ज़रिए संवाद करते हैं। मित्रता का संकेत देने के लिए ऊंट कभी-कभी एक-दूसरे के चेहरे पर सांस छोड़ते हैं।
लेकिन पर्यटन उद्योग में ये पशु पूरी ज़िंदगी दुख और तकलीफ में बिताते हैं।
दुनियाभर में फैली क्रूरता का एक पैटर्न
PETA एशिया की मिस्र में ऊंट और घोड़े की सवारी से जुड़ी पिछली जांचों में भी ऐसा ही अत्याचार पाया गया:
जानवरों को बुरी तरह पीटा गया, तेज़ गर्मी में बिना पानी या छांव के लोगों को ढोने पर मजबूर किया गया, और जब वे बहुत बूढ़े, बीमार या घायल हो गए, तो उन्हें कचरे की तरह फेंक दिया गया या मार डाला गया। Airbnb, Klook, Marriott और कई अन्य कंपनियों ने PETA US से सुनने के बाद गीज़ा के पिरामिडों पर जानवरों की सवारी को बढ़ावा देना बंद कर दिया।
जो पर्यटक ऊंट की सवारी के लिए पैसे देते हैं, वे इस निर्दयी और अमानवीय उद्योग का समर्थन करते हैं। अगर आप छुट्टियों की योजना बना रहे हैं, तो कृपया अपनी यात्रा के दौरान पशुओं पर आधारित मनोरंजन गतिविधियों को शामिल न करें।

