भारत को स्वस्थ रखें: विश्व वीगन माह के अवसर पर PETA इंडिया के प्रदर्शन में थाली में परोसी गई ‘खून से लथपथ’ महिला

Posted on by Shreya Manocha

(नवंबर) वर्ल्ड वीगन मंथ के अवसर पर, PETA इंडिया और नागपुर एनिमल लिबरेशन के एक समर्थक ने लोगों को सोचने पर मजबूर करने वाले एक अनोखे प्रदर्शन के ज़रिए सभी से पशुओं के माँस को अपनी थाली से दूर रखकर वीगन माह मनाने की अपील की। इस प्रदर्शन में समर्थक सब्ज़ियों के साथ एक विशाल प्लेट पर खून से सने मांस की तरह लेटे थे और उनके पास एक विशाल चाकू और काँटा रखा गया था।

PETA इंडिया के व्यापक रूप से प्रचारित वीडियो खुलासे “ग्लास वॉल्स” में दर्ज तथ्यों के अनुसार, आज के पश्चिमी शैली के फैक्ट्री फार्मों में हज़ारों मुर्गियों को बेहद भीड़भरे शेडों में रखा जाता है। जमा हुए मल-मूत्र से उठने वाली अमोनिया गैस से ये शेड भरे रहते हैं और मुर्गियों को उन सभी प्राकृतिक और ज़रूरी चीज़ों से वंचित रखा जाता है, जो उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। इन मुर्गियों और अन्य पशुओं को ठूँस-ठूँसकर बूचड़खानों तक ले जाने वाले वाहनों में भर दिया जाता है, जहाँ कई पशुओं की हड्डियाँ टूट जाती हैं, उनका दम घुट जाता है या वे अन्य कारणों से मर जाते हैं। बूचड़खानों में कर्मचारी अक्सर बकरियों, भेड़ों और अन्य जानवरों का गला काटने के लिए कम धार वाले चाकुओं का इस्तेमाल करते हैं, जबकि मछलियों को दम घुटने के लिए छोड़ दिया जाता है या उन्हें ज़िंदा ही काट दिया जाता है।

वीगन जीवनशैली अपनाने वाला हर व्यक्ति सालाना लगभग 200 पशुओं की जान बचाने में मदद कर सकता है, अपने कार्बन फुटप्रिंट में उल्लेखनीय कमी ला सकता है, और हृदय रोग, डायबिटीज़ एवं कुछ प्रकार के कैंसर के जोखिम को कम कर सकता है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, जलवायु संकट के सबसे विनाशकारी प्रभावों से निपटने के लिए वैश्विक स्तर पर वीगन खान-पान की ओर बढ़ना आवश्यक है।

पशुओं को अपनी थाली का भोजन न बनाएं - वीगन जीवनशैली ट्राई करें