कुत्ते के नन्हें बच्चे को कंक्रीट पर घसीटने और नहर में फेंकने के मामले में प्राथमिकी दर्ज, PETA इंडिया और ‘उम्मीद एक किरण फाउंडेशन’ के हस्तक्षेप के बाद कार्यवाई
सामुदायिक कुत्ते के छोटे से बच्चे की कथित हत्या से संबंधित सूचना और वीडियो साक्ष्य प्राप्त होने के बाद, जिसमें दो व्यक्तियों द्वारा दिनदहाड़े कुत्ते के बच्चे के गले में रस्सी बांधकर उसे कंक्रीट पर लंबी दूरी तक घसीटा गया और फिर कथित रूप से उसे नहर में फेंक दिया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई, PETA इंडिया ने ‘उम्मीद एक किरण फाउंडेशन’ के संस्थापक मयंक त्रिपाठी और कानपुर पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया और रिपोर्ट दर्ज करवाई।
यह घटना 13 मार्च 2026 की है और इसकी रिपोर्ट कानपुर के हंसपुरम निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू और उसकी दुकान में कार्यरत एक कर्मचारी के खिलाफ कानपुर नगर के नौबस्ता थाना में एफआईआर दर्ज की गई।
PETA इंडिया द्वारा इस मामले को कानपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उठाने और मयंक त्रिपाठी द्वारा प्रस्तुत शिकायत के बाद, नौबस्ता थाना ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 325 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम (पीसीए), 1960 की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। बीएनएस, 2023 की धारा 325 के अनुसार किसी पशु को मारना या उसे विकलांग बनाना एक संज्ञेय अपराध है, जिसके लिए पांच वर्ष तक के कारावास या जुर्माना, या दोनों का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त, पीसीए अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत किसी पशु को मारना-पीटना, यातना देना या अनावश्यक पीड़ा या कष्ट पहुँचाना दंडनीय अपराध है।
PETA इंडिया अनुशंसा करता है कि पशु उत्पीड़न करने वालों का मनोचिकित्सकीय मूल्यांकन किया जाए और उन्हें परामर्श दिया जाए, क्योंकि पशुओं के साथ दुर्व्यवहार गहरी मनोवैज्ञानिक समस्या का संकेत देता है। शोध से पता चलता है कि जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता करते हैं, वे अक्सर बार-बार अपराध करने वाले होते हैं और आगे चलकर अन्य पशुओं, यहाँ तक कि मनुष्यों को भी नुकसान पहुँचाते हैं। फॉरेंसिक रिसर्च एंड क्रिमिनोलॉजी इंटरनेशनल जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में कहा गया है, “जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता में संलग्न होते हैं, उनके अन्य अपराध करने की संभावना तीन गुना अधिक होती है, जिनमें हत्या, बलात्कार, डकैती, हमला, उत्पीड़न, धमकी और नशीले पदार्थों का दुरुपयोग शामिल है।”
