अभिनेता अर्जुन रामपाल और PETA इंडिया ने चेन्नई के श्री कांची महास्वामी विद्या मंदिर को असली हाथी के आकार का मैकेनिकल हाथी भेंट किया
प्रसिद्ध अभिनेता अर्जुन रामपाल और PETA इंडिया ने तमिलनाडु के चेन्नई जिले में स्थित श्री कांची महास्वामी विद्या मंदिर को ‘शंकरा’ नाम का असली हाथी के आकार का मैकेनिकल हाथी दान किया है। यह ‘मलमल’ द्वारा प्रायोजित पहल है।
आज, ‘शंकरा’ का अनावरण कलैमामणि पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध अभिनेत्री रेवती शंकरन ने श्री कांची महास्वामी ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. वी. शंकर, एमेरिटस ब्लू क्रॉस ऑफ इंडिया के सह-संस्थापक और चेयरमैन डॉ. चिन्नी कृष्णा, मलमल की प्रतिनिधि निवेदिता तथा कांची महास्वामी विद्या मंदिर के छात्रों और भक्तों की उपस्थिति में किया। ‘शंकरा’ का उपयोग मंदिर में समारोहों को सुरक्षित और क्रूरता-मुक्त तरीके से आयोजित करने के लिए किया जाएगा, जिससे असली हाथी अपने परिवारों के साथ जंगलों में रह सकें।
यह पहल PETA इंडिया द्वारा मंदिर के उस करुणामय निर्णय के सम्मान में संभव हुई, जिसमें उन्होंने कभी भी जीवित हाथियों को मंदिर में न रखने या मंदिर के अनुष्ठानों के लिए किसी सजीव हाथी को किराए पर न लेने का संकल्प लिया है। पशु संरक्षण समूहों और संवेदनशील व्यक्तियों द्वारा भेंट किए जाने वाले हाथियों के क्रम में यह नया मैकेनिकल हाथी ‘शंकरा’ तमिलनाडु का तीसरा मैकेनिकल हाथी है जिसे श्री कांची महास्वामी विद्या मंदिर को भेंट स्वरूप दिया गया है। इस नए योगदान के साथ, PETA इंडिया अब तक देशभर में 23 रोबोटिक हाथी दान कर चुका है। मैकेनिकल हाथी का स्वागत उद्घाटन समारोह तथा ओयिल्लट्टम, मयिल्लट्टम, करगट्टम और पुल्लियट्टम प्रस्तुतियों के साथ किया गया।
“श्री कांची महास्वामी विद्या मंदिर में इस विचारशील पहल का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारे मंदिर आस्था, शक्ति और परंपरा का प्रतीक हैं लेकिन वे हमें करुणा की भी याद दिलाते हैं। मैं PETA इंडिया की सराहना करता हूँ कि उन्होंने बिल्कुल असली हाथी जैसा दिखने वाला मैकेनिकल हाथी भेंट किया, जिससे पवित्र समारोह गरिमा और सुरक्षा के साथ जारी रह सकें। जब हम सभी जीवित प्राणियों की रक्षा और सम्मान करते हैं, तब हम ईश्वर के वास्तविक स्वरूप का सम्मान करते हैं।”
– अर्जुन रामपाल, अभिनेता
“मुझे ‘शंकरा’ का उद्घाटन करके बेहद खुशी हो रही है और इस अद्भुत पहल के लिए मैं PETA की आभारी हूँ। समय बदल चुका है, और अब हमारी परंपराओं को भी उसके साथ विकसित होने का समय आ गया है। अनुष्ठानों या समारोहों के नाम पर पशुओं को पीड़ा या असुविधा नहीं झेलनी चाहिए। रोबोटिक हाथी मंदिरों के समारोहों या शादियों के लिए एक करुणामय और प्रगतिशील विकल्प हैं। मैं सभी से सकारात्मक सोच रखने, इस तकनीक को अपनाने और एक सरल सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध होने का आग्रह करती हूँ: किसी भी पशु को कभी भी चोट नहीं पहुंचनी चाहिए।”-कलैमामणि पुरस्कार से सम्मानित अभिनेत्री रेवती शंकरन
“हमारा मंदिर धर्म, करुणा और सभी जीवन के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस पहल का स्वागत करके हम सुनिश्चित करते हैं कि पवित्र अनुष्ठान और उत्सव इन मूल्यों के अनुरूप हों। यह मैकेनिकल हाथी ‘शंकरा’ हमें परंपरा को ऐसे तरीके से निभाने की अनुमति देता है जो ईश्वर की सृष्टि के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है। हमें आशा है कि यह कई अन्य लोगों को भी करुणा को आस्था के केंद्र में रखकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।”
– डॉ. वी. शंकर, कांची महास्वामी ट्रस्ट के अध्यक्ष
-“यह पहल बेहद खूबसूरती से दिखाती है कि किस तरह नवाचार संस्कृति को बनाए रखते हुए पशुओं की रक्षा कर सकता है। मलमल में हम सभी जीवित प्राणियों के प्रति दया में विश्वास रखते हैं। हमें PETA इंडिया के साथ मिलकर कांची महास्वामी विद्या मंदिर में मैकेनिकल हाथी ‘शंकरा’ लाने पर गर्व है, ताकि पवित्र समारोह जारी रह सकें और असली हाथियों को जीवनभर की कैद और पीड़ा से बचाया जा सके।”
– अनुराधा मोदी, मलमल की संस्थापक
हाथी बुद्धिमान, सक्रिय और सामाजिक जंगली पशु होते हैं। उन्हें कैद करके जुलूसों में उपयोग करने के लिए मारपीट, हथियारों के प्रयोग और बल प्रयोग के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाता है। मंदिरों और अन्य स्थानों पर कैद में रखे अधिकांश हाथी घंटों तक कंक्रीट पर जंजीरों से बंधे रहने के कारण अत्यंत दर्दनाक पैरों की समस्याओं और टांगों के घावों से पीड़ित होते हैं। अधिकांश को पर्याप्त भोजन, पानी, पशु-चिकित्सा देखभाल और प्राकृतिक जीवन जैसी किसी भी चीज़ से वंचित रखा जाता है। इन भयावह परिस्थितियों में कई हाथी अत्यधिक निराश हो जाते हैं और हमला कर देते हैं, जिससे अक्सर महावत या अन्य मनुष्यों या पशुओं की मृत्यु हो जाती है।
मैकेनिकल हाथी 3 मीटर ऊँचे होते हैं और उनका वजन 500 किलोग्राम होता है। इन्हें रबर, फाइबर, धातु, जाली, फोम और स्टील से बनाया जाता है और ये पाँच मोटरों से चलते हैं। एक मैकेनिकल हाथी देखने, महसूस होने और उपयोग में असली हाथी जैसा लगता है। यह अपना सिर हिला सकता है, कान और आँखें हिला सकता है, पूँछ हिला सकता है, सूंड उठा सकता है और यहाँ तक कि पानी भी छिड़क सकता है। इस पर चढ़ा जा सकता है और इसकी पीठ पर सीट लगाई जा सकती है। इसे बिजली से जोड़कर आसानी से संचालित किया जा सकता है। इसे बिजली से जोड़कर आसानी से चलाया जा सकता है। इसके बेस में पहिये भी होते हैं तो इसे सड़कों पर अनुष्ठानों और जुलूसों के लिए आसानी से ले जाया जा सकता है ।
श्री कांची महास्वामी विद्या मंदिर की स्थापना उनकी पवित्रता श्री जयेंद्र सरस्वती स्वामीगल और श्री शंकर विजयेंद्र सरस्वती स्वामीगल, श्री कांची कामकोटि पीठम के 69वें और 70वें पीठाधिपतियों के आशीर्वाद से हुई, जो भारत में वैदिक शिक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण के सबसे पूजनीय केंद्रों में से एक है, जिसकी स्थापना आदि शंकराचार्य ने लगभग 2,500 वर्ष पहले की थी। कांची मठ के क्रमिक पीठाधिपतियों के दर्शन और आशीर्वाद से मार्गदर्शित होकर, यह विद्या मंदिर पारंपरिक गुरुकुल शैली की शिक्षा को आधुनिक CBSE शिक्षा के साथ सहज रूप से जोड़ता है, जिससे युवा मन धर्म में जड़ित, करुणामय, विचारों में अनुशासित और तेजी से बदलती दुनिया की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनते हैं।
मैकेनिकल हाथी शंकरा के आगमन से पहले, श्री कांची महास्वामी विद्या मंदिर के स्कूली बच्चों ने सभी जीवों के प्रति करुणा को अपनाने के लिए ‘काइंडनेस टू एनिमल्स वीक’ मनाया। इसके तहत एली भी वहाँ आई, ऐली PETA इंडिया की एनिमेट्रॉनिक हथिनी है जो बच्चों को जागरूक करती है और जिसे अभिनेत्री दीया मिर्ज़ा ने आवाज दी है।
प्रेरित महसूस कर रहे हैं ? आप यहाँ कार्रवाई करके हाथियों की मदद कर सकते हैं।
हाथियों को क्रूर प्रदर्शनों से बचाओं




