विशाल ‘बिल्ली’ और ‘कुत्ते’ ने अंतरराष्ट्रीय बेघर पशु दिवस पर दिया ABC यानी पशु जन्म नियंत्रण (नसबंदी) का संदेश

Posted on by Surjeet Singh

अंतरराष्ट्रीय बेघर पशु दिवस (15 अगस्त) के मौके पर, PETA इंडिया के दो समर्थकों ने बिल्ली और कुत्ते की पोशाक पहनकर चेन्नई में एक ब्लैकबोर्ड लगाया और लोगों को ABC यानी पशु जन्म नियंत्रण (नसबंदी) के बारे में जागरूक किया। बिल्ली और कुत्ते की पोशाक पहने इन दोनों ने लोगों को बताया कि पशुओं की नसबंदी कराने से वे अधिक लंबे समय तक और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। साथ ही, यह बेघर पशुओं की समस्या को कम करने का सबसे प्रभावी तरीका है।

भारत में 6 करोड़ से अधिक बेघर कुत्ते और बिल्लियाँ सड़कों पर रह रहे हैं। इनमें से कई भूखे रहते हैं, जानबूझकर घायल या मार दिए जाते हैं, वाहनों की चपेट में आ जाते हैं या अन्य तरीकों से उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। इसके अलावा, करीब 88 लाख पशु उचित घर न मिलने के कारण आश्रय गृहों में हैं। इसका समाधान ABC यानी पशु जन्म नियंत्रण जितना आसान है। नसबंदी किए गए पशुओं में प्रजनन तंत्र के कैंसर का खतरा भी कम होता है, और नसबंदी किए गए नर पशुओं के इधर-उधर घूमने या लड़ने की संभावना भी कम होती है।

पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत बनाए गए पशु जन्म नियंत्रण नियम, 2023 के अनुसार, सामुदायिक कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण की जिम्मेदारी संबंधित स्थानीय निकायों की है, जैसे नगर निगम, नगरपालिका या पंचायत। PETA इंडिया पशु अभिभावकों से अपने साथ रहने वाले पशुओं की नसबंदी कराने की अपील करता है, ताकि जो पिल्ले और बिल्ली के बच्चे पहले ही जन्म ले चुके हैं, उन्हें अच्छा घर मिलने का बेहतर मौका मिल सके।

सामुदायिक और अपने साथ रहने वाले पशुओं की नसबंदी कराने का संकल्प लें

संकल्प लें कि पशुओं को खरीदेंगे नहीं बल्कि हमेशा गोद लेंगे।