PETA इंडिया और SAFI के हस्तक्षेप के बाद नेल्लोर में सामुदायिक कुत्ते को पीटकर मारने के मामले में पाँच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Posted on by Surjeet Singh

नेल्लोर के कोवुर क्षेत्र में पाँच लोगों द्वारा एक सामुदायिक कुत्ते को पीटने और बाद में उसकी हत्या करने के मामले में, PETA इंडिया और स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया (SAFI) ने एक स्थानीय निवासी की सहायता से कोवुर पुलिस स्टेशन के साथ मिलकर एफआईआर दर्ज कराई है।

यह कुत्ता पहली बार 29 जून को हमले का शिकार हुआ, जब तीन लोग मोटरसाइकिल पर लंबे डंडे लेकर आए और बिना किसी उकसावे के उस पर हमला कर दिया। एक स्थानीय निवासी द्वारा उन लोगों का विरोध करने के बाद यह हमला रुका, जिसके कारण वे घटनास्थल से भाग गए। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। स्थानीय निवासी के अनुसार, वही समूह 01 जुलाई को दो अन्य लोगों के साथ फिर लौटा। इस बार उन्होंने कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला और उसके शव को राजमार्ग के किनारे फेंक दिया।

एक स्थानीय निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 325 तथा पशु क्रूरता निवारण (PCA) अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(a) और 11(1)(l) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

BNS, 2023 की धारा 325 के तहत किसी पशु को मारना या उसे अपंग करना एक संज्ञेय अपराध है, जिसके लिए पाँच वर्ष तक के कारावास या जुर्माने या दोनों की सजा का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त, PCA अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत किसी पशु को पीटना, प्रताड़ित करना या उसे अनावश्यक पीड़ा या कष्ट पहुँचाना दंडनीय अपराध है।

सामुदायिक पशुओं को नुकसान पहुँचाना गंभीर सार्वजनिक चिंता का विषय है। जो लोग पशुओं के साथ क्रूरता करते हैं, वे अक्सर आगे चलकर अन्य पशुओं और मनुष्यों को भी नुकसान पहुँचा सकते हैं। सभी की सुरक्षा के लिए यह आवश्यक है कि लोग इस तरह की पशु क्रूरता की घटनाओं की सूचना पुलिस को दें। PETA इंडिया ने समय पर एफआईआर दर्ज करने और यह स्पष्ट संदेश देने के लिए कि पशुओं के प्रति क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, नेल्लोर पुलिस की सराहना की है।

PETA इंडिया की सिफारिश है कि पशु अत्याचार करने वाले लोगों की मनोवैज्ञानिक जाँच कराई जाए और उन्हें परामर्श (काउंसलिंग) दिया जाए, क्योंकि पशुओं के साथ क्रूरता गहरे मनोवैज्ञानिक विकार का संकेत हो सकती है। शोध से पता चलता है कि पशुओं के प्रति क्रूरता करने वाले लोग अक्सर दोबारा अपराध करने वाले होते हैं और आगे चलकर अन्य पशुओं, यहाँ तक कि मनुष्यों को भी नुकसान पहुँचा सकते हैं। Forensic Research & Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन में कहा गया है, “जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता करते हैं, उनमें हत्या, बलात्कार, डकैती, हमला, उत्पीड़न, धमकी और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग सहित अन्य अपराध करने की संभावना तीन गुना अधिक होती है।”

पशुओं के साथ क्रूरता की हमेशा रिपोर्ट करें