Porcupines (साही) को डराने, पीछा करने और पत्थर फेंकने वाले लोगों के खिलाफ पीओआर दर्ज,

Posted on by Surjeet Singh

यूट्यूब चैनल MehtabrosUK05 पर पोस्ट किए गए एक गंभीर वीडियो के बारे में जानकारी मिलने के बाद, जिसमें कुछ लोग दो भारतीय साही (Hystrix indica- porcupine) का शिकार करते हुए दिखाई दे रहे हैं, यह प्रजाति वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (डब्ल्यूपीए) की अनुसूची I के तहत संरक्षित है, पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया (PETA इंडिया) ने उत्तराखंड वन विभाग के पिथौरागढ़ वन प्रभाग के साथ मिलकर दो आरोपियों के खिलाफ प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (पीओआर) दर्ज करवाई।

वीडियो में दिखाया गया है कि भारतीय प्रजाति के दो डरे सहमे साही को कार में सवार कुछ लोग लगातार सड़क पर दौड़ाते हुए उनका पीछा कर रहे हैं। साही अपनी जान बचाने के लिए बेतहाशा भागते हुए दिखाई देते हैं। इस दौरान, एक व्यक्ति कार से उतरकर एक साही पर कई बार बड़ा पत्थर फेंकता है, मानो वह यह केवल अपने दोस्तों को हंसाने के लिए कर रहा है। अन्य लोग उसके  इस व्यवहार को प्रोत्साहित करते हुए सुना जा सकता है। चोट पहुंचाने के बाद भी, ये लोग काफी दूरी तक उसी साही के पीछे गाड़ी चलाते रहते हैं और कार से उस पशु को परेशान और डराते हैं।

PETA इंडिया द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद, पिथौरागढ़ वन प्रभाग ने वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम की धारा 9 और 51 के तहत दो आरोपियों के खिलाफ पीओआर दर्ज किया। अनुसूची I के तहत संरक्षित प्रजातियों से जुड़े अपराधों में कम से कम तीन वर्ष की कैद हो सकती है, जो सात वर्ष तक बढ़ सकती है, और कम से कम ₹25,000 का जुर्माना लगाया जा सकता है।

जेल की सजा के अलावा, PETA इंडिया की सिफारिश है कि पशु उत्पीड़न करने वाले अपराधियों का मनोचिकित्सकीय मूल्यांकन किया जाए और उन्हें परामर्श दिया जाए, क्योंकि पशुओं के साथ दुर्व्यवहार गहरी मनोवैज्ञानिक समस्या का संकेत होता है। शोध से पता चलता है कि जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता करते हैं, वे अक्सर बार-बार अपराध करने वाले होते हैं और आगे चलकर अन्य पशुओं, यहां तक कि मनुष्यों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। फॉरेंसिक रिसर्च एंड क्रिमिनोलॉजी इंटरनेशनल जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में कहा गया है, “जो लोग पशुओं के प्रति क्रूरता में शामिल होते हैं, उनके द्वारा अन्य अपराध करने की संभावना तीन गुना अधिक होती है, जिनमें हत्या, बलात्कार, डकैती, हमला, उत्पीड़न, धमकी और नशीले पदार्थों का दुरुपयोग शामिल हैं।”

पशुओं पर क्रूरता की रिपोर्ट करें