PETA इंडिया के हस्तक्षेप के बाद, बेंगलुरु के श्री अंजनेय स्वामी मंदिर में बकरों और मुर्गियों की अवैध बलि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इलेक्ट्रॉनिक सिटी, बेंगलुरु स्थित श्री अंजनेय स्वामी मंदिर में बकरों और मुर्गियों की अवैध बलि से संबंधित एक कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद, PETA इंडिया ने स्थानीय कार्यकर्ताओं बिंदु रविहाल और वामसी कृष्णा के साथ मिलकर साक्ष्य एकत्र किए और परप्पना अग्रहरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बलि के कार्यक्रम को तुरंत रोकने और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए हस्तक्षेप की मांग की गई।
मंदिर के सामने दिनदहाड़े बकरों और मुर्गियों के गले काटे जाने के रक्तरंजित दृश्य देखकर स्थानीय कार्यकर्ता स्तब्ध रह गए। ये दृश्य वीडियो रिकॉर्डिंग में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल करके तथा स्थानीय पुलिस स्टेशन को सूचित करके अधिकारियों को सतर्क किया। हालाँकि, अत्यंत खेदजनक रूप से पुलिस अवैध पशु बलि को रोकने में विफल रही। इसके बाद, एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर परप्पना अग्रहरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, परप्पना अग्रहरा पुलिस स्टेशन ने कर्नाटक पशु बलि निषेध अधिनियम, 1959 की धारा 3; भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 3(5) और 325; तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(a) और 11(1)(l) के तहत प्राथमिकी दर्ज की जिसके संख्या नंबर 120/2026 है।
शिकायत में कर्नाटक पशु बलि निवारण अधिनियम, 1959 का भी उल्लेख किया गया, जिसके तहत धारा 3 किसी भी सार्वजनिक धार्मिक पूजा स्थल या उसके परिसर में, या किसी संबंधित सभा या जुलूस के दौरान पशुओं की बलि पर सख्त प्रतिबंध लगाती है। धारा 4 किसी भी व्यक्ति को ऐसी बलि का संचालन करने, सहायता करने या उसमें भाग लेने से रोकती है, और धारा 5 इस उद्देश्य के लिए किसी भी सार्वजनिक धार्मिक पूजा स्थल के उपयोग पर प्रतिबंध लगाती है। धारा 6, धारा 3, 4 और 5 के उल्लंघन को दंडनीय अपराध बनाती है।
इसके अलावा, PETA इंडिया ने यह भी रेखांकित किया कि समान उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए कई व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से पशुओं की हत्या करना बीएनएस, 2023 की धारा 3(5) के तहत दंडनीय अपराध है। बीएनएस की धारा 325 के तहत, दुर्भावनापूर्ण तरीके से पशुओं की हत्या करने पर पाँच वर्ष तक के कारावास, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
गुजरात, केरल, पुडुचेरी और राजस्थान में पहले से ही ऐसे कानून मौजूद हैं जो किसी भी मंदिर या उसके परिसर में किसी भी पशु की धार्मिक बलि पर प्रतिबंध लगाते हैं। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में किसी भी सार्वजनिक धार्मिक पूजा स्थल, आराधना स्थल, उसके परिसर या सार्वजनिक सड़क पर धार्मिक पूजा से संबंधित किसी भी सभा या जुलूस में पशु बलि को प्रतिबंधित किया गया है।
जिस तरह मानव बलि को हत्या के रूप में निंदा की जाती है, उसी तरह पशु बलि की इस पुरानी प्रथा को भी समाप्त होना चाहिए।
पशु बलि/कुर्बानी प्रथा पर रोक लगवाने में मदद करें
हमेशा पशुओं पर क्रूरता की रिपोर्ट करें
