दार्जिलिंग: PETA इंडिया की पहल के बाद, एक नन्हें कुत्ते को पीट-पीटकर और पैर से रौंदकर मारने के मामले में FIR दर्ज की गई है।
दार्जिलिंग के कुर्सियांग में एक रिसॉर्ट में काम करने वाले एक दंपति द्वारा कुत्ते के छोटे से बच्चे को बेरहमी से पीटने और पैर से कुचलकर मार डालने की घटना की जानकारी मिलने पर, PETA इंडिया ने कुर्सियांग पुलिस स्टेशन और मृत बच्चे के अभिभावक (जो स्वयं रिसॉर्ट के मालिक भी हैं) के साथ मिलकर संबंधित सख्त कानूनी धाराओं के तहत एफआईआर (प्राथमिकी) दर्ज करवाई गई।
यह घटना 9 सितंबर को सिटोंग के जोगीघाट स्थित किरण रिवरसाइड रिट्रीट में हुई। हाल ही में आरोपी दंपति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 325 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि दंपति ने कुत्ते के बच्चे को मार डाला, रिसॉर्ट से पैसे चुराए और फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। बीएनएस, 2023 की धारा 325 किसी भी जानवर को घायल करने या मारने को संज्ञेय अपराध की श्रेणी में रखती है और इसके तहत पांच साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
जो लोग पशुओं के साथ क्रूरता करते हैं, वे अक्सर आगे चलकर इंसानों को नुकसान पहुँचाते हैं। सभी की सुरक्षा के लिए यह ज़रूरी है कि आम लोग इस तरह की घटनाओं की पुलिस में रिपोर्ट करें। PETA इंडिया कुर्सियांग पुलिस स्टेशन की सराहना करता है कि उन्होंने एफआईआर दर्ज कर यह स्पष्ट संदेश दिया कि पशु क्रूरता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
PETA इंडिया की सिफारिश है कि पशु क्रूरता के मामलों में शामिल आरोपियों का मानसिक मूल्यांकन किया जाए और उन्हें काउंसलिंग दी जाए, क्योंकि जानवरों के साथ क्रूरता मानसिक विकृति की ओर इशारा करती है। शोध से यह भी पता चलता है कि जो लोग जानवरों के साथ हिंसा करते हैं, वे अक्सर दोहराए जाने वाले अपराधी होते हैं जो अन्य जानवरों और इंसानों को भी नुकसान पहुँचाते हैं। Forensic Research & Criminology International Journal में प्रकाशित एक अध्ययन में कहा गया है कि जो लोग जानवरों के साथ क्रूरता करते हैं, उनके हत्या, बलात्कार, डकैती, हमला, उत्पीड़न, धमकी और नशे से संबंधित अपराधों में शामिल होने की संभावना तीन गुना अधिक होती है।
