शादी-ब्याह में इस्तेमाल किए जाने वाले दो बीमार घोड़ों को दिल्ली एनसीआर में मरने के लिए छोड़ दिया गया- PETA इंडिया ने रेस्क्यू करवाया

For Immediate Release:

30 April 2026

संपर्क:
मीत अशर 7045922028; [email protected]

अनुष्का यादव 9167907382; [email protected]

दिल्ली एनसीआर – दिल्ली के मयूर विहार में और दूसरा गाजियाबाद के कमला नगर में शादी-ब्याह में इस्तेमाल किए जाने वाले दो घोड़ों को उनके “मालिकों” ने मरने के लिए छोड़ दिया था जिन्हें पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया (PETA इंडिया) ने समय पर कार्यवाई कर रेस्क्यू करवाया। दोनों घोड़ों का इस्तेमाल बग्गी खींचने के लिए किया जा रहा था और काम के दौरान वे गिर पड़े थे जिन्हें पीड़ा में तड़पते हुए छोड़ दिया गया था। PETA इंडिया ने मयूर विहार पुलिस स्टेशन, दिल्ली और मधुबन बापूधाम पुलिस स्टेशन, गाजियाबाद के साथ मिलकर इन दोनों घोड़ों के बचाव की व्यवस्था कराई।

राहगीरों द्वारा बीमार घोड़ों के वीडियो बनाकर साझा करने से मिली जानकारी के आधार पर PETA इंडिया की रैपिड रिस्पॉन्स टीम ने तुरंत दोनों स्थानों पर सहायता भेजी। मयूर विहार वाले घोड़े को कई घंटों तक मौके पर ही इलाज दिया गया ताकि उसकी स्थिति स्थिर हो सके, और फिर आगे के पशु-चिकित्सकीय इलाज और पुनर्वास के लिए उसे एक प्रतिष्ठित सैंक्चुरी में भेज दिया गया। मयूर विहार पुलिस स्टेशन के एक बीट अधिकारी के सहयोग से यह बचाव कार्य सुचारु रूप से पूरा हुआ।

कमला नगर, गाजियाबाद वाले घोड़े का मालिक उसे बिना किसी पशु-चिकित्सकीय सहायता के सड़क पर पीड़ा में छोड़ने के लगभग 12 घंटे बाद उसे लेने आया। मधुबन बापूधाम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के बाद, मालिक ने घोड़े को कन्नन एनिमल वेलफेयर (KAW) को सौंप दिया। घोड़े की गंभीर स्थिति को देखते हुए, KAW ने उसे विशेष पशु-चिकित्सकीय देखभाल के लिए PETA इंडिया को सौंप दिया, और बाद में उसे निरंतर निगरानी और उचित देखभाल के लिए एक प्रतिष्ठित सैंक्चुरी में भेज दिया गया।

PETA इंडिया की क्रुएल्टी रिस्पॉन्स कोऑर्डिनेटर ईशानी राठी कहती हैं- “घोड़ों को सड़कों पर काम करने के लिए मजबूर करने से अक्सर ऑस्टियोआर्थराइटिस (जोड़ों की दर्दनाक बीमारी) जैसी दर्दनाक और स्थायी समस्याएँ हो जाती हैं और अंततः वे गिर पड़ते हैं। PETA इंडिया शादी-ब्याह में घोड़ों के बजाय लग्ज़री कारों या अन्य बिना पशुओं के इस्तेमाल होने वाले वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करता है। PETA इंडिया दिल्ली पुलिस, विशेष रूप से मयूर विहार पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर श्री मनोज बाल्यान, और गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त श्री जे. रविंदर गौड़, आईपीएस, का आभारी है, जिन्होंने इन घोड़ों को पीड़ा और शोषण भरे जीवन से बचाना सुनिश्चित किया।”

PETA इंडिया जो इस सिद्धांत के तहत काम कर्ता है कि “पशु हमारे मनोरंजन के लिए इस्तेमाल करने या किसी भी अन्य तरह से उनके साथ दुर्व्यवहार करने के लिए नहीं हैं”, प्रजातिवाद (स्पीशीसिज़्म) का विरोध करता है, जो मनुष्य का स्वयं को श्रेष्ठ मानने वाला दृष्टिकोण है। PETA इंडिया के बारे में अधिक जानकारी के लिए कृपया PETAIndia.com पर जाएँ या समूह को X, Facebook या Instagram पर फॉलो करें।

#