राजसमंद: PETA इंडिया के हस्तक्षेप के बाद, भैंसों की अवैध लड़ाई रोकी गई

Posted on by Surjeet Singh

30 अक्टूबर को एक जागरूक नागरिक से श्रीनाथजी मंदिर के पास नथुवास गौशाला में भैंसों की अवैध लड़ाई आयोजित किए जाने की सूचना मिलने पर, PETA इंडिया ने तत्काल कार्रवाई कर राजसमंद पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर इस अवैध आयोजन को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।

भैंसों की लड़ाई जैसे कार्यक्रम क्रूर होते हैं। भैंसों की इस लड़ाई को रोकना इस बात को दर्शाता है कि पशुओं की सुरक्षा में जनता की सतर्कता कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। PETA इंडिया  राजसमंद पुलिस और जिला प्रशासन, विशेष रूप से श्रीमती ममता गुप्ता (IPS), पुलिस अधीक्षक, राजसमंद; श्री दिनेश सुखवाल, उप पुलिस अधीक्षक, नाथद्वारा; और श्री मोहन सिंह, थाना प्रभारी, श्रीनाथजी मंदिर थाना की सराहना करफ़्ते हैं जिन्होंने तत्काल कार्यवाई करके यह मजबूत संदेश दिया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ऐसे प्रदर्शन, जिनमें पशुओं को आपस में लड़ने के लिए मजबूर किया जाता है, न केवल स्वभाव से क्रूर और हिंसक होते हैं, बल्कि अवैध भी हैं। लड़ाई में इस्तेमाल किए जाने वाले पशु अत्यधिक पीड़ा सहते हैं, उन्हें गंभीर शारीरिक चोटें लगती हैं और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है। इन पशुओं को हमला करने के लिए प्रेरित करने वाली अमानवीय प्रशिक्षण प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। जब उनका उपयोग नहीं किया जाता, तब भी उन्हें लगातार शारीरिक यातना, बंधे रहने या खराब परिस्थितियों में पिंजरों में कैद रहने की यातना सहनी पड़ती है।

पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत पशुओं को आपस में लड़ाने या लड़ाई के लिए उकसाने पर प्रतिबंध है। साल 2014 में भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने एक ऐतिहासिक निर्णय में याचिकाकर्ताओं, PETA इंडिया और भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड (जो सरकार की परामर्शदात्री संस्था है)  के पक्ष में फैसला सुनाते हुए यह कहा कि बैलों की लड़ाई, कुत्तों की लड़ाई या मनुष्यों और अन्य पशुओं के बीच किसी भी प्रकार की मनोरंजन हेतु आयोजित लड़ाई को समाप्त किया जाना आवश्यक है।

भैंसों की लड़ाई में दो भैंसों को एक-दूसरे के खिलाफ हिंसक लड़ाई लड़ने के मुकाबले में उतारा जाता है। इन पशुओं को तब तक मारा और उकसाया जाता है जब तक कि उनमें से एक को विजेता घोषित न कर दिया जाए। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल मनोरंजन या जुए के लिए पशुओं में हिंसा भड़काना होता है। इन घटनाओं के दौरान पशुओं को गंभीर शारीरिक और मानसिक क्षति झेलनी पड़ती है जिनमें हड्डियों का टूटना, घाव, अत्यधिक तनाव, और कई बार मृत्यु तक शामिल होती है।

पशुओं पर क्रूरता होते देखें तो तुरंत रिपोर्ट करें