मेरठ: घायल घोड़ी से गाड़ी खिंचवाने का मामला—FIR दर्ज, प्रताड़ित घोड़ी जब्त, अस्थायी देखभाल के लिए आश्रय को सौंपी गई

Posted on by Shreya Manocha

एक सचेत नागरिक की सूचना पर कार्रवाई करते हुए, PETA इंडिया  ने नौचंदी पुलिस अधिकारियों के सहयोग से एक चोटिल घोड़ी से गाड़ी खिंचवाने के मामले में मालिक के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। बताया जा रहा है कि घोड़ी के पिछले बाएं पैर में कीड़ों से संक्रमित गंभीर घाव थे और उसकी चाल असामान्य थी, जिस कारण वह किसी भी तरह के शारीरिक श्रम करने में असमर्थ थी। इसके बावजूद, उसे मेरठ के सेंट्रल मार्केट में जबरन गाड़ी खींचने के लिए मजबूर किया जा रहा था। माननीय अपर  मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM), मेरठ  ने प्रताड़ित घोड़ी की अस्थायी कस्टडी एनिमल राहत  नामक पशु संरक्षण संगठन को सौंपी है, जिससे उसे एक पशु आश्रय में भेजा जा सके, जहां अब उसे उचित चिकित्सकीय देखभाल दी जा रही है।

नौचंदी पुलिस ने घोड़ी के मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023  की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960  की धारा 3 और 11 के तहत FIR दर्ज की। इसके बाद, मेरठ के उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी  ने घोड़ी की चिकित्सकीय जांच की और उसे कार्य करने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया।

 

 

“केस प्रॉपर्टी” पशुओं की देखभाल और रखरखाव के लिए नियम, 2017 के नियम 3(बी), जो पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 38 के तहत अधिसूचित किए गए हैं, मजिस्ट्रेट को जब्त किए गए पशुओं की अस्थायी अभिरक्षा किसी पशु कल्याण संगठन को प्रदान करने का अधिकार देते हैं। माननीय सर्वोच्च न्यायालय, विभिन्न उच्च न्यायालयों और निचली अदालतों  द्वारा पारित कई न्यायिक निर्णय इस सिद्धांत को स्थापित करते हैं कि मुकदमे की कार्यवाही पूरी होने तक जब्त किए गए पशुओं को पशु कल्याण संगठनों की निगरानी में रखा जाना चाहिए, जिससे उन्हें आगे किसी भी प्रकार की क्रूरता से बचाया जा सके।

पशु क्रूरता के खिलाफ़ रिपोर्ट करें